मध्य प्रदेश के आगर में वकील ने चलती कोर्ट में जज पर फेंका जूता, एफआईआर दर्ज

न्यायाधीश समय रहते खुद को बचाने के लिए नीचे झुक गए। बाद में जज ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

Updated: Jan 24, 2024, 09:13 AM IST

आगर। मध्य प्रदेश के आगर जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक अदालत कक्ष के अंदर एक वकील ने न्यायाधीश को निशाना बनाकर कथित तौर पर जूता फेंका। हालांकि, जज ने समय रहते झुककर खुद को चोट से बचा लिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को आगर जिले की एक अदालत में हुई, जब न्यायाधीश एक मामले की सुनवाई कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि सुनवाई के दौरान दो अलग-अलग पक्षों का प्रतिनिधित्व करने वाले दो वकीलों के बीच तीखी बहस होने लगी, जिस पर न्यायाधीश ने आपत्ति जताई। इससे गुस्साए वकील नितिन अटल, जो पहले से ही अपने प्रतिद्वंद्वी के साथ बहस में लगे हुए थे, उन्होंने अचानक अपना जूता निकाला और न्यायाधीश की ओर दे मारा।

हालांकि, न्यायाधीश समय रहते खुद को बचाने के लिए नीचे झुक गए। बाद में जज ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी और नितिन अटल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी पर आईपीसी की धारा 332, 353, 294 और 504 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर आगर जिला कलेक्टर और एसपी कोर्ट पहुंचे। बताया जा रहा है कि राजनेताओं से करीबी रिश्‍ता रखने वाला नितिन अटल कोर्ट के कर्मचारियों के साथ अक्सर दुर्व्यवहार करता रहा है।