400 पार का शोर मचाने वाले अब सोच रहे हैं कैसे होगा बेड़ा पार, कमलनाथ का भाजपा पर तंज

इंडिया गठबंधन के प्रति जनता में ज़बरदस्त उत्साह है। कांग्रेस के पंच न्याय ने जनता में नई आशा का संचार किया है। यही आशा अब विश्वास में बदल गई है। और यह विश्वास वोट में बदलने वाला है: कमलनाथ

Updated: May 11, 2024, 06:04 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव की चौथे और अंतिम चरण के तहत 13 मई को मतदान होगा। इससे पहले नेताओं के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। पूर्व मुख्यंमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि देश का लोकसभा चुनाव निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। 

कमलनाथ ने सत्ताधारी दल भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग चुनाव की शुरुआत में 400 पार का शोर मचा रहे थे, अब वे सोच रहे हैं-कैसे होगा बेड़ा पार, क्योंकि सामने है जनता के ग़ुस्से की मजधार। भारत के मतदाता अब भाजपा की झूठ मशीन से बोर हो गए हैं। झूठ की यह कैसेट इतनी बार बज चुकी है कि झूठ भी घिस गया है।

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के प्रति जनता में ज़बरदस्त उत्साह है। कांग्रेस के पंच न्याय ने जनता में नई आशा का संचार किया है। यही आशा अब विश्वास में बदल गई है। और यह विश्वास वोट में बदलने वाला है। जनता का वोट कांग्रेस की जीत की गारंटी है। हाथ बदलेगा हालात।