गुरुग्राम के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर जांच में जुटी पुलिस
बुधवार सुबह गुरुग्राम के 10 बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। एहतियातन स्कूलों की तुरंत छुट्टी कर बच्चों को सुरक्षित निकाला गया।
गुरुग्राम। गुरुग्राम में बुधवार सुबह 10 प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। धमकी भरे ये ईमेल सुबह करीब 8 बजकर 33 मिनट पर भेजे गए थे। उस समय स्कूलों में कक्षाएं शुरू हो चुकी थी और छात्र पढ़ाई कर रहे थे। धमकी मिलने वाले स्कूलों में द श्री राम स्कूल, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल और एचडीएफसी स्कूल समेत कई नाम शामिल हैं। घटना की जानकारी सामने आते ही स्कूल प्रशासन और अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल प्रशासन को सुबह करीब 9 बजे इन ईमेल की जानकारी मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए। कई स्कूलों ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी है। जबकि, छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
यह भी पढ़ें:MP में आग उगल रहा सूरज, कई जिलों में पारा 45 डिग्री के करीब, मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम संबंधित स्कूल परिसरों में पहुंच गई। बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की मदद से स्कूलों की गहन तलाशी शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। लेकिन ऐतिहातन सभी परिसरों की जांच पूरी सतर्कता के साथ की गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक स्कूलों के बाहर पहुंच गए। कई अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए स्कूलों के बाहर इंतजार करते नजर आए। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को लगातार स्थिति की जानकारी दी और छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।
यह भी पढ़ें:गाजियाबाद के 15 मंजिला अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, 7 फ्लोर तक फैली लपटें, ढाई घंटे बाद दमकल ने पाया काबू
पुलिस की साइबर सेल भी इस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि धमकी भरे ईमेल फर्जी अकाउंट या वीपीएन नेटवर्क के जरिए भेजे गए हो सकते हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह किसी संगठित साइबर गिरोह की करतूत है या फिर किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह हरकत की है।




