ट्रंप के बयान से शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स ने लगाई 2000 अंकों की लंबी छलांग

Stock Market Today: युद्ध टलने की उम्मीद ने निवेशकों के भरोसे को फिर से जगा दिया है, जिससे आज बाजार में हर तरफ हरियाली दिख रही है।

Updated: Apr 01, 2026, 11:22 AM IST

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद आज रौनक लौट आई है। शेयर बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। बुधवार, 1 अप्रैल को निफ्टी 50 और सेंसेक्स में शुरुआती कारोबार में 2 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिका से आई एक पॉजिटिव खबर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध खत्म होने के संकेत दिए हैं।

बुधवार सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स करीब 1,740 अंक (2.42%) उछलकर 73,687 के स्तर पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी ने भी 511 अंकों (2.33%) की छलांग लगाई। सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 2.73 प्रतिशत यानी 1964.41 अंकों की बढ़त के साथ 73,911.96 पर ट्रेड कर रहा था, तो वहीं निफ्टी50 2.67 प्रतिशत या 596.40 अंक बढ़कर 22,927.80 पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स फिलहाल 2,000 अंक (2.70%) की तेजी के साथ 73,900 पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 600 अंक (2.70%) की बढ़त है, ये 22,950 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में तेजी है। आज ऑटो, IT, मेटल और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा खरीदारी है।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अपना लक्ष्य हासिल कर चुका है और ऑपरेशन लास्ट स्टेज में है। युद्ध टलने की उम्मीद ने निवेशकों के भरोसे को फिर से जगा दिया है, जिससे आज बाजार में हर तरफ हरियाली दिख रही है।

दुनियाभर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा दिया है। शुरुआती कारोबार में लगभग सभी बड़े एशियाई बाजार बढ़त के साथ हरे निशान में रहे। वहीं, आज कच्चे तेल के दाम में 1% की तेजी है, ये बढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। 28 फरवरी को ईरान जंग शुरू होने से पहले कच्चे तेल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास थे।