MP में आग उगल रहा सूरज, कई जिलों में पारा 45 डिग्री के करीब, मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से हाहाकार मचा है। खजुराहो, सीधी और श्योपुर में पारा 44.8 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल समेत 15 जिलों में भयंकर लू का अलर्ट जारी किया है।

Updated: Apr 29, 2026, 02:42 PM IST

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राहत की उम्मीद कम ही जताई है। मंगलवार को खजुराहो, सीधी और श्योपुर सबसे गर्म जिले रहे थे। वहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर नजर आए।

राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। रायसेन, उमरिया, भोपाल, खंडवा, मुरैना, मंडला, रतलाम और दमोह में भी गर्मी का असर कम नहीं रहा था। वहां अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। बढ़ती गर्मी के चलते बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ गई है और लोग राहत पाने के लिए शीतल पेयों का सहारा ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें:गाजियाबाद के 15 मंजिला अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, 7 फ्लोर तक फैली लपटें, ढाई घंटे बाद दमकल ने पाया काबू

मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना और रीवा जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में दिन के समय बाहर निकलने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इसलिए जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

वहीं, मालवा-निमाड़ क्षेत्र में भी गर्मी लगातार तेज हो रही है। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, मंदसौर और नीमच में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के कारण इन इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही उनका यह भी कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें:भोपाल में आज अतिथि शिक्षकों का बड़ा प्रदर्शन, सरकार से स्थायी रोजगार की मांग

हालांकि, प्रदेश के कुछ जिलों के लिए गर्मी से राहत की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, बालाघाट, सिवनी और बैतूल में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में मौसम बदलने के संकेत हैं लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के करीब 15 जिलों में लू जैसे हालात बने रहने की आशंका है।