CG: पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे ने की खुदकुशी, ट्रेडिंग विवाद के कारण उठाया आत्मघाती कदम
रायपुर में पूर्व मंत्री धनीराम साहू के बेटे जय साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह और ऑनलाइन ट्रेडिंग में 13 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री धनीराम साहू के बेटे जय साहू (45) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मोवा स्थित आदर्श नगर स्थित उनके घर में उनका शव कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला था। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा। शव को बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव को घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जय साहू पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। घटना से पहले उनकी पत्नी किरण के साथ विवाद होने की बात भी सामने आई है। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल से वह अपने मायके में रह रही थी।
यह भीप पढे़ं:ग्वालियर में ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल ने खुद को मारी गोली, मौत से पहले परिवार से की थी वीडियो कॉल पर बात
मामले में जय साहू की पत्नी किरण ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि साल 2017 में शादी के समय जय ने अपनी पहली शादी की जानकारी उनसे छिपाई थी। शादी के बाद उन्हें इस बारे में पता चला। किरण ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों के बीच ऑनलाइन ट्रेडिंग को लेकर अक्सर विवाद होता था। उनके मुताबिक, करीब एक साल पहले जय साहू के 13 लाख रुपये ट्रेडिंग में डूब गए थे। हाल ही में उन्होंने दोबारा ट्रेडिंग शुरू की थी। जिसका उन्होंने विरोध भी किया था।
किरण ने आरोप लगाया कि ट्रेडिंग को लेकर विवाद के दौरान जय उनके साथ मारपीट भी करते थे। इसी वजह से वह पिछले कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि जय के भाई के साथ मकान और जमीन को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, यह मामला बाद में सुलझा लिया गया था। परिवार की ओर से उन पर लगाए गए अफेयर और घर छोड़कर जाने के आरोपों को भी उन्होंने खारिज किए हैं।
यह भीप पढे़ं:UP का बांदा दुनिया का सबसे गर्म शहर, 47 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, राज्यों को हीट स्ट्रोक यूनिट खोलने के निर्देश
उरला एसीपी पूर्णिमा लामा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों, करीबियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और साफ हो सकेगी।
जय साहू के पिता धनीराम साहू साल 1977 में कसडोल विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। वह अविभाजित मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। क्षेत्र में उनका लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भीप पढे़ं:CG: जनगणना ड्यूटी पर शिक्षकों का विरोध, भीषण गर्मी में सर्वे करने के लिए की 1 करोड़ के बीमा की मांग




