जांजगीर चांपा में देर रात कांग्रेस नेता के घर गोलीबारी, बड़े बेटे की मौत और छोटे की हालत गंभीर

जांजगीर चांपा के करही गांव में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता सम्मेलाल कश्यप के घर घुसकर फायरिंग की। बड़े बेटे आयुष की मौके पर मौत हो गई। जबकि, आशुतोष घायल है।

Updated: Apr 24, 2026, 11:04 AM IST

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक तौर पर वारदात के पीछे लूट की मंशा बताई जा रही है।

यह हमला सीमेंट रेत कारोबारी और ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, देर रात आरोपी घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगी। जिसकी वजह सेउसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हमले में छोटे बेटे आशुतोष कश्यप भी घायल हुआ है। उसके दाहिने हाथ में गोली लगी है। वारदात को अंजाम देते समय बदमाशों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया था। ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। 

घायल आशुतोष को तुरंत बिर्रा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना की खबर मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना और परिवार को सांत्वना दी। साथ ही पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।