अमेरिकी टेक कंपनी Oracle ने 12 हजार भारतीयों को नौकरी से निकाला, AI से रिप्लेसमेंट की तैयारी

बिजनेस इनसाइडर के मुताबिक, ओरेकल ने कई देशों में कर्मचारियों को ईमेल भेजकर बताया कि कंपनी बदलाव कर रही है, जिसके तहत कुछ पद खत्म किए गए हैं और उनके लिए आखिरी वर्किंग डे है।

Updated: Apr 01, 2026, 04:47 PM IST

दुनिया के 6वें सबसे अमीर कारोबारी लैरी एलिसन की कंपनी ओरेकल ने करीब 30 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इनमें भारत के 12 हजार कर्मचारी शामिल हैं। कंपनी ने अचानक ईमेल कर इन सभी को टर्मिनेशन लेटर भेज दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अगले महीने छंटनी का दूसरा दौर भी शुरू कर सकती है।

बताया जा रहा है कि कर्मचारियों को सुबह 6 बजे इनबॉक्स में टर्मिनेशन लेटर मिले। इसमें लिखा था कि आज उनका लास्ट वर्किंग डे है। कुछ ही मिनटों में उनका सिस्टम एक्सेस बंद कर दिया गया। कंपनी ने छंटनी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। 

बिजनेस इनसाइडर के मुताबिक, ओरेकल ने कई देशों में कर्मचारियों को ईमेल भेजकर बताया कि कंपनी बदलाव कर रही है, जिसके तहत कुछ पद खत्म किए गए हैं और उनके लिए आखिरी वर्किंग डे है। कंपनी ने कर्मचारियों को काम के लिए धन्यवाद भी कहा। साथ ही कहा कि आगे की प्रक्रिया, जैसे सेवरेंस पैकेज (नौकरी खत्म होने पर मिलने वाला पैसा) और नई नौकरी ढूंढने में मदद से जुड़ी जानकारी के लिए वे अपना पर्सनल ईमेल एड्रेस दें।

एक सीनियर मैनेजर माइकल शेफर्ड ने लिंक्डइन पर लिखा कि सीनियर इंजीनियर्स, आर्किटेक्ट्स, ऑपरेशंस लीडर्स, प्रोग्राम मैनेजर्स और टेक्निकल स्पेशलिस्ट्स को नौकरी से निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह छंटनी परफॉर्मेंस के आधार पर नहीं की गई है।

वहीं, BBC की एक रिपोर्ट में सीनियर कर्मचारियों के हवाले से बताया है कि कंपनी AI में भारी निवेश कर रही है, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है। ओरेकल अंदरूनी तौर पर AI टूल्स का इस्तेमाल कर रही है। इसकी मदद से कम कर्मचारी ज्यादा काम कर पा रहे हैं।