MP BJP में बड़ा फेरबदल, सभी संभागीय संगठन मंत्रियों की छुट्टी, बनाए गए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सभी संभागीय संगठन मंत्रियों को हटाया, राजगढ़ में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के दौरान बदलाव की योजना पर लगी थी अंतिम मुहर

भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले उपचुनाव से पहले बीजेपी में बड़ा फेरबदल हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बीजेपी के सभी 6 संभागीय संगठन मंत्रियों की तत्काल प्रभाव से छुट्टी कर दी है। इन्हें अब प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। बीजेपी ने यह फैसला राजगढ़ में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद लिया है।
बीजेपी ने जिन 6 संभागीय संगठन मंत्रियों को हटाया है उनमें शैलेंद्र बरुआ, केशव सिंह भदौरिया, जितेंद्र लिटोरिया, आशुतोष तिवारी, श्याम महाजन और जयपाल सिंह चावड़ा शामिल हैं। माना जा रहा है कि संगठनात्मक स्तर पर बदलाव की इस योजना को राजगढ़ में प्रदेश पदाधिकारियों के चिंतन के दौरान हरी झंडी मिली थी।
बीजेपी में इस फेरबदल को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संभागीय संगठन मंत्रियों को हटाने के पीछे क्या वजह रही। इस बात के भी चर्चे हैं कि बीजेपी में संगठन स्तर पर कोई नई व्यवस्था बनाई गई है। संभव है कि पार्टी ने संभागीय संगठन मंत्री की व्यवस्था को ही खत्म कर दिया हो। नई व्यवस्था के तहत RSS के पैटर्न पर मालवा, मध्य और महाकौशल प्रान्त स्तर पर नियुक्ति देने की चर्चा है।