मामू गैंग के कारनामों को उजागर करेगा कांग्रेस का जन जागरण अभियान: दिग्विजय सिंह

कांग्रेस का देशभर में जनजागरण अभियान, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने दी अभियान से जुड़ी जानकारी, बोले- उपचुनाव के नतीजे मोदी-शाह के लिए चेतावनी

Updated: Nov 13, 2021, 08:10 AM IST

भोपाल। कांग्रेस देशभर में जन जागरण अभियान शुरू करने वाली है। इस अभियान का प्रभार मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को सौंपा गया है। सिंह ने शनिवार को भोपाल स्थित पीसीसी मुख्यालय में अभियान से जुड़ी जानकारियां साझा की। दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह अभियान मामू गैंग के कारनामों को उजागर करेगा। उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव के नतीजे उनके लिए चेतावनी है।

दिग्विजय सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश में जन जागरण अभियान का प्रभारी विधायक पीसी शर्मा को बनाया गया है। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी कांग्रेस नेता पदयात्रा करेंगे और वे रात्रि विश्राम भी क्षेत्रों में ही करेंगे। सिंह ने कहा, 'अभियान के लिए पहले चरण में हर राज्य से 5 लोगों को ट्रेन किया जाएगा। वे 5 लोग हर संसदीय क्षेत्रों में 10 ट्रेनरों को ट्रेन करेंगे। वो 10 हर विधानसभा में 10 लोगो को ट्रेन करेंगे और वो 10 हर इलाके में 20-20 लोगो को ट्रेन करेंगे। पूरे देश में इसी तरह ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाएगा।' 

सिंह ने बताया कि यह अभियान महंगाई पर फोकस रहेगा। उन्होंने कहा, 'नोटबंदी के बाद भारत की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने पहले ही चेताया था की इससे दो फीसदी ग्रोथ गिरेगी। नोटबंदी के दौरान नकली नोट भी असली हो गए। पहले देश मे 17.8 लाख करोड़ की करंसी थी, अब 11 लाख करोड़ की करंसी और आ गई है। नोटबंदी से लाखों एमएसएमई बंद हो गए। करोडों लोग बेरोजगार हो गए। तब से लगातार अर्थव्यवस्था में गिरावट आ रही है। मोदी सरकार ने छोटे व्यापारियों को तबाह कर दिया। आज देश में छोटे उद्योग खत्म हो रहे लेकिन बड़े लोग और बड़े होते जा रहे हैं।'

यह भी पढ़ें: आदिवासी गौरव पर मोदी से मुक़ाबला, कांग्रेस ने वीडियो के ज़रिए दिया महाविद्रोह का संदेश

दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया की पेट्रोल और डीजल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर से केंद्र सरकार ने साढ़े तीन लाख करोड़ इकट्ठे किए। मोदी सरकार ने 3.50 लाख करोड़ रुपए जनता की जेब से निकाले और दो लाख करोड़ रुपए अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। बाकी बचे पैसों से प्रधानमंत्री का आलीशान महल बन रहा है। ये नरेंद्र मोदी का ट्रिक्स है। हम गांधी टोपी लगाकर गांव-गांव जाएंगे और जनता के सामने सरकार के कारनामे उजागर करेंगे।'

प्रधानमंत्री मोदी की भोपाल में आयोजित रैली को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि आदिवासी उपयोजना का 13 करोड़ रुपया मोदी की रैली पर खर्च हो रहा है। यही बीजेपी का आदिवासी प्रेम है। हबीबगंज स्टेशन का नाम बदलने को लेकर उन्होंने कहा कि नाम बदलने से कुछ नहीं होता है, लोगो को लूटो, उनकी जमीन पर कब्जा करो, महिलाओं पर अत्याचार करो और नाम स्टेशन का नाम कमलापति रख दो। इससे क्या होगा?'