धार: शादी समारोह में 300 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, हड़ताल के बावजूद शासकीय डॉक्टरों ने किया उपचार

उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद कई लोगों को भेजा गया रतलाम, शेष को बस और चार पहिया वाहनों से बदनावर सिविल हास्पिटल लाया गया। अस्पताल में मची अफरातफरी।

Updated: May 03, 2023, 07:32 PM IST

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में शादी का खाना खाने से करीब 300 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि बुधवार को शादी समारोह में खाना खाने के थोड़ी ही देर बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी व दस्त की शिकायत होने लगी। आनन-फानन में सभी लोगों को अस्पताल में ले जाया गया। अचानक सैंकड़ों मरीज के पहुंचने से अस्पताल में भी अफरातफरी मच गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बदनावर के ग्राम धमाना में बुधवार दोपहर शादी समारोह में करीब 12 सौ लोगों के लिए भोजन बनाया गया था। यहां एक ही स्थान पर दो जोड़ो के विवाह का प्रीतिभोज का आयोजन किया गया था। दरअसल, ग्राम धमाना में कालू सिंह के पुत्र अर्जुन की शादी थी। अर्जुन की बरात कल्याणपुरा जाने वाली थी। इसके अलावा डूंगर सिंह की लड़की रचना की शादी थी। इनकी बरात ग्राम सैलाना से धमाना आई थी। बुधवार दोपहर दोनों विवाह के बारातियों भोजन एक ही जगह बनाया गया था।

यह भी पढ़ें: MP: जबलपुर हाईकोर्ट ने डॉक्टरों की हड़ताल को बताया अवैध, काम पर लौटने के दिए निर्देश

बताया जा रहा है कि भोजन करने के करीब एक घंटे बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। तबियत ज्यादा बिगड़ने के बाद सैलाना से आई बरात की बस से कई लोगों को रतलाम ले जाया गया। जबकि एक बस और चार पहिया वाहनों से फूड पाइजनिंग के शिकार शेष लोगों को बदनावर सिविल हास्पिटल लाया गया।

अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण जिसे जहां जगह मिली, वहां लेटाकर सलाइन चढ़ाई गई और उपचार किया। अधिकांश लोग जमीन पर लेटकर उपचार करवा रहे थे। इसके अलावा नगर के अन्य निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ लगी रही। सूचना पाकर एसडीएम मेघा पंवार मौके पर पहुंचीं और मरीजों को नगर एवं अन्य अस्पतालों में शिफ्ट कराया।

खास बात ये है कि बुधवार से मध्य प्रदेश के शासकीय डाक्टरों ने अनिश्चतकालीन हड़ताल शुरू की है। हड़ताल के कारण प्रदेशभर में डॉक्टरों ने मरीजों का इलाज नहीं किया और लोग परेशान होते रहे। हालांकि, यहां हड़ताल के बावजूद सभी डॉक्टर ड्यूटी पर लौटे और मरीजों का उपचार किया। अन्‍य निजी अस्पताल के चिकित्सकों की सेवाएं भी अस्पताल में ली गई। शाम तक प्रभावित मरीजों की संख्या 300 बताई गई, लेकिन धीरे-धीरे इनकी संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।