ग्वालियर: बेटे के बर्थड़े पर जिला पंचायत सदस्य के घर हवाई फायरिंग, स्टेज पर नाच रही थी डांसर

ग्वालियर में हवाई फायरिंग के बीच स्टेज पर युवती के नाचने का वीडियो वायरल, युवती पर पैसे उड़ाते दिखे लोग, मनाया जा रहा था जिला पंचायत सदस्य के बेटे का जन्मदिन, जांच में जुटी पुलिस

Updated: Sep 25, 2021, 06:07 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से हवाई फायरिंग के बीच स्टेज पर एक युवती के नाचने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवती स्टेज पर ठुमके लगा रही है और कुछ लोग नोट उड़ा रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद दो युवक राइफल से फायरिंग कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस छानबीन में जूट गई है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह वीडियो मुरार के सिंहपुर रोड निबुआपुरा निवासी जिला पंचायत सदस्य सरदार सिंह परिहार के घर का है। बताया जा रहा है कि बीते 19 सितंबर को सिंह के बेटे आकाश परिहार का जन्मदिन था। बेटे के जन्मदिन के मौके पर ही उन्होंने बालाओं के नृत्य का आयोजन किया था। इसी कार्यक्रम में उनके करीबियों द्वारा फायरिंग की जा रही थी। 

हालांकि, यह वीडियो घटना के करीब पांच दिन बाद शुक्रवार को सामने आया है। 30 सेकंड के इस वीडियो में एक युवती 'तेरी आंखों का ये काजल' गाने पर ठुमके लगा रही है। उसके साथ एक युवक ठुमके लगाते हुए नोट बरसा रहा है। इसी दौरान साइड में खड़ा व्यक्ति फायरिंग करता है। फायरिंग के बीच भी युवती नाचते रहती है। इसके बाद एक अन्य युवक स्टेज के नीचे से फायरिंग करता है।

यह भी पढ़ें: क्या मध्य प्रदेश में उपचुनाव हार रही है भाजपा

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मुरार थाना के TI शैलेन्द्र भार्गव के मुताबिक वायरल वीडियो जिला पंचायत सदस्य सरदार सिंह परिहार के घर का ही है। हालांकि, वह वीडियो में कहीं दिख नहीं रहे हैं। थाना इंचार्ज ने बताया कि गोली चलाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।