MP में आदमखोर हुआ बाघ, महू के पास बुजुर्ग को बनाया शिकार, खाई में मिला आधा खाया हुआ शव

बाघ ने पहले बुजुर्ग पर हमला किया, फिर 200 फीट नीचे खाई में खींचकर ले गया। वहां बुजुर्ग के शरीर के आधे हिस्से को खा गया।

Updated: Jun 18, 2023, 07:21 PM IST

महू। मध्य प्रदेश के महू से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जंगलों में एक बार फिर आदमखोर बुजुर्ग आदमी को अपना शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि बाघ ने बुजुर्ग को 200 फीट नीचे खाई में खींचकर ले गया। वहां बुजुर्ग के शरीर के आधे हिस्से को खा गया। ग्रामीणों ने खोजा तो आधा शव खाई में पड़ा मिला।

घटना महू तहसील के मलेंडी के जंगल में रविवार सुबह की है। 60 वर्षीय सुंदरलाल कुर्मी प्रतिदिन मवेशियों को चराने के लिए जंगल में ले जाते थे। रविवार सुबह 8 बजे वे जंगल निकल गए। तभी उनका सामना बाघ से हो गया। बाघ ने उन पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि बुजुर्ग सुंदरलाल कुर्मी अपने साथ खाना नहीं ले गए थे। जिस पर उनका बेटा हरिनारायण उन्हें खाना देने जंगल में गया था। उसने वहां पिता के जूते और गमछा नीचे जमीन पर पड़ा देखा। आगे जाने पर वहां खून के निशान भी थे। यह देखकर वह रोने लगा। उसने फोन कर ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर बुजुर्ग की तलाश की। तो 200 फीट नीचे खाई में उनका शव पड़ा दिखा।

ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव बरामद किया। वन विभाग के डीएफओ नरेंद्र पांडवा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएफओ ने बताया कि सुंदरलाल के परिजनों को 8 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। अभी अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार की राशि नकद दी है। वन विभाग फिलहाल जंगल में लगातार बाघ के मूवमेंट पर नजर रखे हुए है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोग भयभीत हैं।