कर्ज चुकाने के लिए पत्नी की सुपारी, राजगढ़ में पति ने पत्नी का कराया बीमा, फिर 5 लाख में दी सुपारी

राजगढ़ के कुरावर थाना इलाके के माना जोड़ का मामला, आरोपी पति ने पत्नी का बीमा करवाया, फिर 5 लाख की सुपारी देकर बदमाशों से उसकी हत्या करा दी

Updated: Aug 07, 2022, 05:46 AM IST

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ के एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कर्ज में डूबे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की सुपारी दे दी। आरोपी पति ने पहले पत्नी का बीमा करवाया। फिर बीमा के 35 लाख हड़पने के लिए उसने बदमाशों को 5 लाख की सुपारी देकर बदमाशों से उसकी हत्या करा दी।

मामला राजगढ़ के कुरावर थाना इलाके के माना जोड़ का है। यहां 26 जून को पूजा मीणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। टीटी में साजिश रचने वाला आरोपी उसका पति बद्रीप्रसाद मीणा निकला। उसने न केवल शातिराना अंदाज में पूजा की हत्या करवाई, बल्कि मौसेरे भाई को इस मामले में फंसाने की भी कोशिश की।

यह भी पढ़ें: बालघाट में लाल आतंक का कहर, पुलिस मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने की ग्रामीण की हत्या, छोड़ गए पर्चे

राजगढ़ एडिशनल SP मनकामना प्रसाद ने बताया कि बद्रीप्रसाद पर 40 से 50 लाख रुपए का कर्ज था। उसने यह कर्ज उतारने के लिए पत्नी का 35 लाख रुपए का बीमा कराया। बद्री इस बीमा राशि से कर्ज चुकाना चाहता था। उसने बीमा की राशि को हड़पने के लिए पत्नी की हत्या की साजिश रची। गोलू मीणा, शाकिर शाह और हुनरपाल सिंह को 5 लाख रुपए में पत्नी की सुपारी दे दी। तीनों ने गोली मारकर पूजा की हत्या कर दी। 

वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी बद्रीप्रसाद और हुनरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गोलू और शाकिर फरार हैं। ये दोनों पुलिस के रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर हैं।