कांग्रेस MLA को हनीट्रैप में फंसाने की कोशिश, वीडियो कॉल पर महिला ने की अश्लील हरकत

मध्यप्रदेश के महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित को अज्ञात महिला ने किया वीडियो कॉल, अब ब्लैकमेल करने का प्रयास

Updated: May 27, 2021, 04:23 AM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश के एक कांग्रेस विधायक को हनीट्रैप में फंसाने की कोशिश की गई। हालांकि, समय रहते पुलिस में कंप्लेन कर विधायक नीरज दीक्षित हनीट्रैप का शिकार होते होते बच गए। दरअसल, छतरपुर के महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक को वीडियो कॉल कर एक महिला अश्लील हरकतें कर रही थी। अब वही महिला उन्हें उस वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग के ज़रिए ब्लैकमेल कर रही है।

कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित ने इस संबंध में गड़ीमलहरा थाने में एक शिकायती आवेदन दिया है। इसमें उन्होंने बताया है कि पिछले कई दिनों से उनके फोन पर अज्ञात नंबर से मैसेज आ रहे थे। कांग्रेस नेता को लगा कि शायद ये उनके विधानसभा क्षेत्र के किसी जरूरतमंद आदमी का नंबर होगा। इसके बाद अचानक एक दिन रात 1 बजे उन्हें वीडियो कॉल आने लगा।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस को जल्द मिलेगा नया नेतृत्व, अध्यक्ष पद के लिए शुरू हुई खोज

कांग्रेस विधायक ने जैसे ही वीडियो कॉल को पिक किया तो उनके होश उड़ गए। असल में कॉल पर एक अज्ञात महिला थी जो कॉल उठाने के साथ ही अश्लील हरकतें करने लगी। नीरज दीक्षित जबतक कुछ समझ पाते उसके अगले ही दिन महिला ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को समझते हुए विधायक नीरज दीक्षित अगले ही दिन थाना गढ़ी मलहरा पहुंचे और पुलिस में लिखित शिकायत की। 

पुलिस ने महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। डीएसपी शशांक जैन ने बताया कि साइबर क्राइम का यह नया तरीका है। कई बार वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें करने वाली महिलाएं उसे रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करती हैं। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में एक पूरा गिरोह शामिल होगा। पुलिस का दावा है कि महिला के बारे में जल्द ही पता चल जाएगा।