दतिया में बड़ा हादसा, गणेश विसर्जन के दौरान कुंड में डूबे 10 बच्चे, 4 की मौत

मध्य प्रदेश के दतिया में उस वक्त हुआ जब बच्चे गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे थे। कुंड के गहरा होने के कारण उनको अंदाज नहीं मिला और 4 बच्चों की डूबने से मौत हो गई।

Updated: Sep 27, 2023, 02:06 AM IST

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में मंगलवार को गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां प्रतिमा विसर्जित करते समय 10 बच्चे कुंड में डूब गए। इसमें तीन लड़कियों समेत 4 की मौत हो गई। मृतकों की उम्र 14 से 16 साल की है। 

बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे की है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निआऊल बड़ेनिया में सिद्ध बाबा मंदिर परिसर में कुंड बनाया गया था। इसमें बच्चे प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे थे। कुंड की गहराई कुछ ज्यादा थी। बच्चों को इसका अंदाजा नहीं था। जब बच्चे गणेशजी का विसर्जन कर रहे थे तो करीब 10 बच्चे कुंड में डूब गए।

कुंड में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर हैं जिनमे दो को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। मरने वाले बच्चों में तीन बच्चियां और एक बच्चा शामिल है। सभी की उम्र करीब 14-16 साल की है।

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि निआऊल गांव में कुछ बच्चे गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। संभवत: एक बच्चा उसी दौरान पैर फिसलने से डूब गया। उसे बचाने के लिए बाकी बच्चे भी उसमें गए थे। 4 बच्चों की मौत हुई है, जिसमें 3 बच्चियां शामिल हैं। एहतियात के तौर पर एसडीओपी और होमगार्ड की एक टीम हमने घटनास्थल पर भेजी। टीम सर्चिंग की और देखा कि कोई और बच्चा उसमें फंसा ना हो।