बीजेपी के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं, मंत्री भूपेंद्र सिंह के बयान पर कमलनाथ का पलटवार

कमलनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बीजेपी के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं, पीसीसी चीफ के इस बयान ने सियासी तापमान को बढ़ा दिया है, इससे पहले मंत्री भूपेंद्र सिंह ने इसी तरह का दावा किया था

Updated: Apr 24, 2022, 09:16 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व एक बार फिर दलबदल देखने को मिल सकता है। दोनों दलों के नेताओं ने इस बात के संकेत दिए हैं। दरअसल, शुक्रवार को नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा था कि कांग्रेस के कई विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी के कई MLA हमारे संपर्क में हैं।

कमलनाथ शनिवार को भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सोशल मीडिया सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोशल मीडिया पर सबसे मजबूत है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मौजूद हमारे एक्सपर्ट कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर और मजबूत होने का मंत्र देंगे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने मिशन 2023 के लिए कांग्रेस की रणनीति को लेकर कहा कि महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता मैदानी स्तर पर और सोशल मीडिया के जरिए जनता के बीच जाएंगे।

यह भी पढ़ें: MP: चोरों को ढूंढने वाले स्निफर डॉग को ही चुरा ले गए चोर, पुलिस विभाग में हड़कंप

कमलनाथ ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के लिए सोशल मीडिया एक महत्वपूर्ण और सशक्त माध्यम है। देश के 95 प्रतिशत युवा आज सोशल मीडिया से जुड़े हुए हैं। बीजेपी युवाओं को गुमराह करती है। सोशल मीडिया के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करें और सच्चाई से लोगों को अवगत कराएं। हर कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर कम से कम 2 घंटे का समय पार्टी को दे और अधिक से अधिक पोस्ट साझा करे। 

बता दें कि नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने दो दिन पहले कहा था कि कांग्रेस में अब कोई भी नेता नहीं रहना चाहता। कमलनाथ पर अब कांग्रेस के विधायकों और नेताओं को भरोसा नहीं है। कांग्रेस के विधायक भाजपा में आना चाहते हैं।।जिस दिन भाजपा चाहे वो पार्टी में आ जाएंगे। सिंह के इसी बयान पर पलटवार करते हुए अब कमलनाथ ने प्रतिक्रिया दी है।