MP: मक्सी में दो समूहों के बीच झड़प, फायरिंग-पथराव में एक की मौत और 7 घायल

शाजापुर जिले के मक्सी में बुधवार रात को दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान फायरिंग और पथराव भी हुआ। शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Updated: Sep 26, 2024, 10:31 AM IST

शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के मक्सी में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। बुधवार शाम यहां फायरिंग और पथराव की घटना हुई। इस झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। घटना के बाद प्रशासन ने मक्सी में धारा 163 लगा दिया है। मृतक युवक की पहचान अमजद के रुप में हुई है।

मामला शहर के बल्डी मोहल्ले का है, जहां दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर पत्थर चले। उज्जैन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) संतोष सिंह ने बताया कि जिले के मक्सी कस्बे में पिछले दो दिन से दो पक्षों के बीच तनाव था और बुधवार शाम को दोनों पक्षों में झड़प हो गई, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। संतोष सिंह ने बताया कि झड़प में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि सात अन्य घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पत्थर फेंके। भीड़ को खदेड़ने के लिए मक्सी पुलिस को कई राउंड फायर करने पड़े। चार थानों के पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। कलेक्टर ऋजु बाफना, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एसडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी भी मक्सी पहुंचे। फिलहाल, शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

शाजापुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है. हालांकि, बुधवार को हुई झड़प के पीछे की असली वजह की जांच की जा रही है। इस विवाद में कुछ लोगों को गंभीर चोट आई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।।इस घटना के बाद पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है।