देवास में मुस्लिम दोस्त के साथ चली गई दलित युवती, भाजपा कार्यकर्ताओं ने की मस्जिद में तोड़फोड़

देवास जिले के उदयनगर में एक दलित युवती के मुस्लिम युवक के साथ जाने पर बवाल हो गया। परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाया जबकि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामले में भाजपा नेताओं की एंट्री हुई और उन्होंने मस्जिद में जाकर तोड़फोड़ किया।

Updated: Aug 31, 2022, 10:23 AM IST

देवास। मध्य प्रदेश के देवास में एक प्रेमी जोड़े के प्रेम की सजा अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यहां एक मुस्लिम युवक और दलित युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिनों दोनों घर छोड़कर साथ चले गए। इस बात की जानकारी जब भाजपा कार्यकर्ताओं को लगी तो उन्होंने लड़के के घर और एक मस्जिद में तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद इलाके में दो समुदायों के बीच तनाव का माहौल है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़का और लड़की 12वीं तक देवास के उदयपुर में साथ पढ़ते थे। 12वीं के बाद लड़की कॉलेज चली गई। इसी दौरान दोनों मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क में रहे। इस बात की दोनों के घर वालों को भी भनक थी। बीते 26 अगस्त को लड़की को लेकर लड़का चला गया। शुरुआत में लड़की के परिजनों ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई। हालांकि, बाद में वे स्थानीय बीजेपी नेता भरत राठौर से जाकर मिले। 

यह भी पढ़ें: जान जोखिम में डालकर बैलगाड़ी से स्कूल जाने को मजबूर नौनिहाल, NHDC के पास नहीं है नाव चलाने का बजट

भरत राठौर ने करीबी 100-150 कार्यकर्ताओं को इक्कठ्ठा करके बाजार बंद कर दिया। इसके बाद कुछ लोग रिपोर्ट लिखाने के लिए पुलिस स्टेशन आए। अन्य सभी लोगों ने जाकर मस्जिद और लड़के के घर पर तोड़फोड़ की। युवती के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि मैं और अपनी बहन के साथ शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अपने खेत पर खाद डाल रहा था। इसी बीच फरजान आया और बहन को आवाज देकर अपने पास बुलाया। इसके बाद वे दोनों बाइक पर बैठकर चले गए।

पुलिस ने फरजान के खिलाफ अपहरण का मुकदमा कायम किया है। जबकि दोनों युवक और युवती बालिग हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जांच में पाया कि दोनों गुजरात के सूरत में रह रहे हैं। पुलिस उन्हें सूरत से देवास लाने की तैयारी कर रही है। उधर मस्जिद में तोड़फोड़ को लेकर पुलिस ने IPC की धारा 147, 452, 427 के तहत दो नामजद और 20 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।