MP: सलमान के परिजनों से मिलेंगे दिग्विजय सिंह, कहा- BJP नेताओं ने हत्या की, पार्टी उसकी शहादत नहीं भूलेगी
सलमान खान के परिजनों से मिलने आज खजुराहो जाएंगे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, भाजपा प्रत्याशी पर गाड़ी से कुचलकर हत्या करने का है आरोप, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने किया पीड़ित परिवार को गोद लेने का ऐलान
                                    भोपाल/खजुराहो। छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह आज सलमान के परिजनों से मिलने खजुराहो जाएंगे। सिंह ने कहा कि सलमान एक समर्पित कार्यकर्ता था और उसकी शहादत को कॉंग्रेस कभी भी भुला नहीं पाएगी। पूर्व सीएम ने पीड़ित परिवार को गोद लेने का भी ऐलान किया है।
सलमान खान को वोटिंग गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे उनकी हत्या कर दी गई थी। छतरपुर के राजनगर से विधायक विक्रम सिंह नाती राजा ने बताया, 'मैं खुद प्रत्यक्षदर्शी हूं। अकोना गांव में शुक्रवार तड़के 4 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सलमान को कार से कुचलकर मार डाला। मेरे ऊपर भी गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।' थाने में फरियाद लेकर पहुंचे विधायक पूरा वाकया बताते हुए रोने लगे थे।
यह भी पढ़ें: 2018 के मुकाबले इस बार 60 सीटें ज्यादा लाएगी कांग्रेस, बंपर वोटिंग से उत्साहित पीसी शर्मा का बड़ा दावा
बताया जाता है कि सलमान खान कांग्रेस प्रत्याशी नाती राजा के सबसे विश्वसनीय लोगों में से एक था। नाती राजा के मुताबिक हमलावर उन्हें मारना चाहते थे। लेकिन वे दौड़कर गाड़ी में बैठ गए और सलमान बैठ नहीं पाया था। इतने में भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और उसके गुर्गों के दर्जनों वाहन उसे कुचलते हुए पार हो गए। सलमान की हत्या और नाती राजा पर हमले के मामले में भाजपा प्रत्याशी पटेरिया सहित 21 लोगों पर FIR खजुराहो थाने में दर्ज किया गया है।
विक्रम सिंह नाती राजा घटना को याद करते हुए बताते हैं कि, "हमें जानकारी मिली थी कि टोरिया वाले रास्ते पर भाजपा कार्यकर्ता माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हम वहां पहुंचे। मेरी गाड़ी सलमान खान ड्राइव कर रहे थे। बीजेपी कार्यकर्ता देखते ही मुझे गालियां देने लगे। हम गाड़ी से नीचे उतरे। बहस के बीच मैं कुछ देर बाद गाड़ी में बैठ गया। सलमान नीचे ही थे, तभी भाजपाइयों ने अरविंद पटेरिया के कहने पर उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। मैं मदद के लिए उतरा तो मेरे ऊपर भी गाड़ी चढ़ाकर मारने की कोशिश की।"
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज दोपहर एक बजे सलमान के परिजनों से मिलने खजुराहो जाएंगे। उन्होंने ट्वीट किया, 'सलमान की हत्या की गई है। दोषियों में भाजपा का उम्मीदवार अरविंद पटेरिया भी है। मुझे इस बात की हैरानी है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी छत्तरपुर पुलिस ने कल शाम तक ना तो गाड़ी जप्त की ना दोषियों को गिरफ्तार किया। अरविंद को बीडी शर्मा की शह है और पूरा प्रशासन उसके कहने पर चलता है।'
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी ज़िम्मेदारी है। मैं आज उनसे मिलकर शोक जताने दोपहर एक बजे खजुराहो पहुँच रहा हूँ।
— digvijaya singh (@digvijaya_28) November 18, 2023
प्रशासन से मेरी माँग है कि दोषियों की तत्काल गिरफ़्तारी हो। https://t.co/3ayMMiJ0XB
सिंह ने आगे लिखा, 'सलमान कॉंग्रेस का समर्पित कार्यकर्ता था और उसकी शहादत को कॉंग्रेस कभी भी भुला नहीं पाएगी। हम उसके परिवार को गोद ले कर पूरी मदद करेंगे। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी ज़िम्मेदारी है। मैं आज उनसे मिलकर शोक जताने दोपहर एक बजे खजुराहो पहुँच रहा हूँ। 
प्रशासन से मेरी माँग है कि दोषियों की तत्काल गिरफ़्तारी हो।'




                            
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
                                    
                                
                                    
                                    
                                    
								
								
								
								
								
								
								
								
								