MP Election 2023: नरक चतुर्दशी के मौके पर घोषणा पत्र जारी करेगी BJP, कांग्रेस ने तिथि चयन पर कसा तंज

भाजपा का संकल्प पत्र (मैनिफेस्टो) शनिवार को दोपहर में 12.30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में जारी किया जाएगा। यह संकल्प पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में जारी होगा।

Updated: Nov 10, 2023, 04:03 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का घोषणा पत्र 11 नवंबर को आएगा। भाजपा ने इसे संकल्प पत्र नाम दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में संकल्प पत्र जारी होगा। भाजपा द्वारा नरक चतुर्दशी के दिन घोषणा पत्र जारी करने को लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है।

कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि 18 वर्ष में प्रदेश को नरक बनाने वाली भाजपा ने घोषणपत्र के लिए नरक चतुर्दशी का मुहूर्त चुना है। "नौजवान को काम नहीं, किसान को दाम नहीं और नारी को सम्मान नहीं" यही आज प्रदेश की हकीकत है। प्रदेश में चारों ओर लूट मची हुई है। इंसान तो इंसान इन्होंने भगवान के साथ भी घोटाला कर दिया। आखिर क्या वजह है कि कपटी भाजपा ने अपने घोषणा पत्र के विमोचन के लिए नरक चौदस की तिथि का चयन किया? हम प्रदेश की जनता से कहना चाहते हैं कि 6 दिन बाद हमें पूरी ताकत से भ्रष्ट और अहंकारी सरकार पर वोट का चोट करना है।

जानकारी के मुताबिक, संकल्प पत्र को दोपहर में 12.30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में जारी किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, जयंत मलैया शामिल होंगे। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी कल संकल्प पत्र जारी करेगी। इमसें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। इसे बनाने से पहले प्रदेश में सुझाव पेटी रखी गई थी। जनता से सुझाव मांगे गए थे। उन सभी सुझाव को संकल्प पत्र में शामिल किया गया है।