MP Election 2023: धर्म के नाम पर हुकूमत करने वाले गरीब को और गरीब बना रहे हैं, ग्वालियर में बोले खड़गे

देश में 5% लोगों की संपत्ति 60% है। 50% गरीबों की संपत्ति सिर्फ 3% है। इसके बारे में मोदी सोचते नहीं। यहां आकर कहते हैं कि मेरी सूरत देखकर वोट दो। अरे, आपकी सूरत कितनी बार देखें: खड़गे

Updated: Nov 07, 2023, 06:19 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान में कांग्रेस बेहद आक्रामक नजर आ रही है। मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ग्वालियर पहुंचे और यहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सांप्रदायिक राजनीति करने वाले दलों की जमकर आलोचना की। खड़गे देर शाम भोपाल में भी सभा करेंगे।

ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के थाटीपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'इंदिरा गांधी के समय हर गरीब हमारे साथ था। आज धर्म के नाम पर जो हुकूमत कर रहे हैं, वे सभी को खत्म कर रहे। धर्म-धर्म, जाति-जाति में झगड़ा करा रहे। गरीब को और गरीब, अमीर को और अमीर बना रहे हैं। ये आंकड़े कह रहे हैं, मैं नहीं। मोदी साहब बार-बार यही कहते हैं कि मैं गरीब का बेटा हूं। मुझे आगे बढ़ाएं। यही बात चौहान (CM शिवराज) साहब भी करते हैं। दोनों में कॉम्पिटीशन है कि कौन ज्यादा बैकवर्ड है। मोदी हैं या चौहान हैं।'

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: मैंने निष्ठा से काम किया, भाजपा सरकार में घोटाले बंद हुए, सीधी में बोले पीएम मोदी

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, 'देश में 5% लोगों की संपत्ति 60% है। 50% गरीबों की संपत्ति सिर्फ 3% है। इसके बारे में मोदी सोचते नहीं। यहां आकर कहते हैं कि मेरी सूरत देखकर वोट दो। अरे, आपकी सूरत कितनी बार देखें? मोदी गरीबों के दूर से दर्शन करते हैं। उनसे मिलते नहीं। देश में किसे - क्या मिल रहा, इसके लिए हम जातीय जनगणना कराएंगे। मोदी खुद कहते हैं कि मैं बहुत गरीब हूं। मैं एक चायवाला हूं। बैकवर्ड हूं। फिर ये गरीब जनणगना क्यों नहीं कराता, गरीबों के लिए स्कीम क्यों नहीं बनाता? ये गरीब गरीबों को नहीं अडाणी-अंबानी को देख रहा है।'

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'पं. जवाहरलाल नेहरू ने जो स्कूल, कॉलेज, फैक्ट्रीज खोले, उन्हें मोदी साहब एक-एक कर बेचकर खा रहे। ऊपर से बोलते हैं कि कांग्रेस ने क्या किया? अरे, कांग्रेस ने इस देश के लोकतंत्र-संविधान को बचाया। इसीलिए तो आप प्रधानमंत्री बने हो। शाह गृहमंत्री बने। ये बीजेपी के लोग देश के लोकतंत्र के लिए, आजादी के लिए नहीं लड़े। ये सिर्फ नौकरी ढूंढते रहे। ब्रिटिशर के साथ मिलकर रहे। और ये लोग पूछते हैं कि कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस देश को एक रखने के लिए कोशिश नहीं करती तो आज देश की तस्वीर बदल जाती।'

शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए खड़गे ने कहा कि यहां की सरकार कई मायने में नंबर-1 है। कभी रोते हैं, कभी रुलाते हैं और कभी अपनी बात रखने के लिए बहुत से ड्रामा भी करते हैं। शिवराज सरकार की उपलब्धि क्या है? बीजेपी सरकार- भ्रष्टाचार, अपराध, कुपोषण, दलित-आदिवासी अत्याचार, बेरोजगारी, आत्महत्या में नंबर-1 है। हम ये तस्वीर बदलेंगे।' पीएम मोदी के सीधी दौरे पर निशाना साधते हुए खड़गे ने कहा कि भाजपा नेता ने जब आदिवासी पर पेशाब किया था, तब मोदीजी ने क्या किया?