मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मांडवी चौहान का निधन

मांडवी चौहान कोरोना से संक्रमित हो गई थीं, वे काफी लंबे समय से आईसीयू में एडमिट थीं, मांडवी चौहान के अलावा पत्रकार मनोज राजपूत का भी निधन हो गया है

Updated: Apr 30, 2021, 04:05 PM IST

Photo courtesy: social media
Photo courtesy: social media

भोपाल। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मांडवी चौहान का निधन हो गया है। कोरोना से संक्रमित होने के बाद उन्हें इलाज के लिए बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन लंबे समय तक आईसीयू में उपचार के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मांडवी चौहान के निधन पर कांग्रेस नेताओं ने शोक जताया है। पार्टी की महिला शाखा में उनके जाने से एक रिक्तता सी आ गई है। अनेक महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मांडवी चौहान के साथ अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया है। 

मांडवी चौहान के निधन पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शोक प्रकट करते हुए कहा है कि 'महिला कॉंग्रेस की प्रांतीय अध्यक्ष मॉंडवी चौहान के दुखद निधन के समाचार सुन कर बेहद दुख हुआ। वे एक कर्मठ जुझारू सामाजिक कार्यकर्ता थीं। परिवार जनों को हमारी संवेदनाएँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

मांडवी चौहान से पहले कांग्रेस की एक और महिला नेता कलावती भूरिया की भी कोरोना से हाल ही में मौत हुई है। कलावती भूरिया कांतिलाल भूरिया की भतीजी थीं। इंदौर के सेल्बी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था। 

यह भी पढ़ें : जोबट विधायक कलावती भूरिया का निधन, कोरोना से संक्रमित थीं कांग्रेस विधायक 

मांडवी चौहान के अलावा, गुरूवार सुबह वरिष्ठ पत्रकार मनोज राजपूत के निधन की भी खबर आयी। मनोज राजपूत भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे और उन्हें कई दिनों से हमीदिया अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन वे भी कोरोना से जंग हार गए। मनोज राजपूत के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक है। 

मनोज राजपूत का पत्रकारिता के क्षेत्र में काफी लंबा अनुभव था। मनोज राजपूत ने ज़ी नेटवर्क, स्टार समाचार के साथ साथ हरिभूमि में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। इन दिनों वो खबरजाल नाम का एक वेब पोर्टल चला रहे थे। मनोज राजपूत के निधन की खबर सुनने के बाद पत्रकारिता जगत के उनके तमाम साथी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।