MP News: इंदौर से दिल्ली जा रही यात्री बस पर पथराव, ड्राइवर समेत तीन घायल और दो की हालत गंभीर

इंदौर से दिल्ली जा रही यात्री बस पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने आगर मालवा के पास पथराव कर दिया। इस पथराव से बस की खिड़कियों के कांच टूट गए और तीन यात्री घायल हो गए हैं.. पथराव किस वजह से हुआ यह स्पष्ट नहीं हो सका है

Updated: Mar 17, 2024, 05:30 PM IST

आगर मालवा। बीती रात इंदौर से दिल्ली जा रही यात्री बस पर आगर मालवा के पास कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इन बदमाशों ने बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए, जिसकी वजह से अंदर बैठे तीन यात्री और ड्राइवर घायल हो गए हैं। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में घायल एक व्यक्ति गंभीर रूप से ज़ख्मी हुआ है।  तीनों को सोयत  के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। 

और पढ़ें:MP News: ग्वालियर के डबरा में खाने के पैसे मांगने पर होटल कर्मचारी के साथ हुई मारपीट, जांच में जुटी पुलिस

यह बस शनिवार देर रात यात्रियों को लेकर इंदौर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इस दौरान इंदौर कोटा हाइवे पर सुसनेर सोयत के बीच रात 1 बजे के करीब अज्ञात लोगों द्वारा इस पर हमला कर दिया गया। हमले की वजह ज्ञात नहीं हो सकी है। हालांकि, ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर डायल 100 को सूचना दे दी। बस देर रात ही यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हो गई। लेकिन बस यात्रियों को इसकी वजह से भारी असुविधा का सामना करना पड़ा है।

इस मामले में अब तक किसी ने भी पुलिस से शिकायत नहीं की है और न ही थाने में कोई मामला दर्ज करवाया गया है। जबकि घायलों को सोयत के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आ रही जानकारी के अनुसार दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रेफर कर दिया गया है।