11 सितंबर तक जुड़वा सकते हैं मतदाता सूची में नाम, 5 अक्टूबर को अंतिम सूची का प्रकाशन: निर्वाचन आयोग

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (AERO) युवाओं के लिए नियुक्त किए गए हैं।

Updated: Sep 06, 2023, 03:50 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में है। केंद्रीय चुनाव आयोग की बेंच तीन दिवसीय भोपाल दौरे के आखिरी दिन बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 11 सितंबर तक लोग मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं, 5 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

बुधवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें आयोग ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। पिछले दो दिन तक भारत निर्वाचन आयोग की फुल बेंच ने प्रदेश भर के अफसरों के साथ बैठक की। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (AERO) युवाओं के लिए नियुक्त किए गए हैं। 

चुनाव आयोग ने कहा है कि जो कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लगेंगे, वे घर जाकर वोट नहीं कर पाएंगे। उन्हें केंद्र पर ही वोट करना होगा। इस बार महिलाओं पर खास फोकस रखा गया है। 108 विधानसभाएं ऐसी हैं, जहां सेक्स रेश्यो 936 से कम है। 920 ऐसे पोलिंग बूथ को चिन्हित किया है, जहां महिलाओं का मतदान प्रतिशत 10 फीसदी से भी कम है। 6,920 पोलिंग स्टेशन में फीमेल पार्टिसिपेशन बढ़ाने के लिए कहा गया है। साथ ही, 5 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ पर महिलाएं ही रहेंगी। यहां सुरक्षाकर्मी भी महिला ही रहेंगी।

यह भी पढ़ें: राजनीति की छत्रछाया से बाहर निकलें, निर्वाचन आयोग ने एमपी के अफसरों को लगाई फटकार

इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर से वोट करने की सुविधा दी है। नामांकन के 5 दिन में यदि फॉर्म 12 D भरेंगे, तो घर से वोटिंग की सुविधा मिलेगी। इसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि निष्पक्षता बनी रहे। यही सुविधा दिव्यांगों को भी देने का फैसला किया है। इस सुविधा के लिए ‘सक्षम’ ऐप पर बुकिंग करनी होगी।

प्रदेश में कुल 5.52 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 2 करोड़ 85 लाख पुरुष, 2 करोड़ 67 लाख महिला वोटर, 1336 ट्रांसजेंडर वोटर हैं। वहीं, 4 लाख 85 हजार दिव्यांग वोटर हैं। 80 साल से ऊपर मतदाताओं की संख्या 7.50 लाख है। वहीं, 100 साल से ज्यादा उम्र वाले 6,180 वोटर हैं। 18 लाख 86 हजार मतदाता पहली बार वोटिंग करेंगे। 75,426 सरकारी कर्मचारी वोटर हैं।