जितना डकैतों ने नहीं लूटा उससे ज्यादा अधिकारी लूट रहे हैं, भिंड में 500 करोड़ का घोटाला हुआ: नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने लगाया भिंड में पांच सौ करोड़ के घोटाले का आरोप, बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री आवास के बाहर देंगे धरना।

Updated: Nov 01, 2022, 05:44 AM IST

भिंड। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने भिंड जिले के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंह ने जिले में 500 करोड़ रुपए का घोटाला होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि जितना डकैतों ने नहीं लूटा उससे ज्यादा अधिकारी लूट रहे हैं।

लहार से विधायक गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि जिले में महिला बाल विकास, आजीविका मिशन और खाद्य विभाग में पांच सौ करोड़ रुपये का घोटाला किया गया है। उन्होंने कहा कि 50-60 साल में डकैतों ने इतना नहीं लूटा, उससे 50 गुना भ्रष्टाचार के माध्यम से गरीब जनता से वसूली की जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को निशाने पर लेते हुए कहा कि पटवारी राजस्व विभाग में, एसडीएम नामांतरण के नाम लूट रहे हैं। शिक्षा विभाग, बिजली कंपनी विभाग सहित कई विभागों में अधिकारी, कर्मचारी पकड़े गए हैं, लेकिन कलेक्टर सतीश कुमार एस. ने किसी पर कठोर कार्रवाई नहीं की है।

यह भी पढ़ें: CFL बल्ब और घड़ी बनाने वाली कंपनी को मिला था मोरबी ब्रिज मेंटेनेंस का ठेका, दिग्विजय सिंह ने उठाए महत्वपूर्ण सवाल

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जिले में 500 से 1000 ऐसे आवास हैं, जिनके लिए पटवारी ने अपात्र लिखा था, इसके बावजूद फर्जी आइडी बनाकर आवास बनवा दिए हैं। जिनकी दस साल पहले शादी हुई, उनके सात-आठ साल के बच्चे हो गए हैं, उसके नाम से फर्जी शादी के कार्ड छपवाकर विवाह की राशि निकाल ली गई।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर भी जिले में भ्रष्टाचार और लूट पर रोक लगाने के लिए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस जल्द अभियान चलाएगी। जरूरत पड़ी मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देंगे।