भारत जोड़ो न्याय यात्रा का पैंफलेट-वेबसाइट लॉन्च, कांग्रेस बोली- यह यात्रा ऐतिहासिक होने जा रही है

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की तरह ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक सफल यात्रा होने वाली है। यह कोई राजनीतिक यात्रा नहीं है, यह यात्रा भारत की जनता के लिए की जा रही है।

Updated: Jan 10, 2024, 04:10 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का पैंफलेट, वेबसाइट और न्याय योद्धा कैंपेन लॉन्च किया। पैंफलेट में यात्रा के मकसद, रूट और मैप की जानकारी दी गई है। यह यात्रा 14 जनवरी को इंफाल से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में संपन्न होगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि वेबसाइट में रोज की खबरें आती रहेंगी साथ ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा की लाइव स्ट्रीमिंग भी होगी। इसके अलवा जो लोग यात्रा में भाग लेना चाहते हैं इसकी पूरी जानकारी उन्हें वेबसाइट पर मिलेगी। उन्होंने कहा कि इंफाल में कहां से यात्रा शुरू होगी यह हम आपको जल्द बता देंगे।

वहीं, केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'हमें जानकारी मिली है कि मणिपुर सरकार ने इंफाल के पैलेस ग्राउंड में यात्रा से जुड़ी हमारी दरख्वास्त खारिज कर दी है...हम जब इस यात्रा को पूर्व से पश्चिम तक आयोजित कर रहे हैं, तब हम मणिपुर को कैसे नजरअंदाज कर सकते हैं? ऐसे में हम लोगों को क्या संदेश देंगे?'

कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने आगे कहा, 'भारत जोड़ो यात्रा की तरह ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक सफल यात्रा होने वाली है। यह कोई राजनीतिक यात्रा नहीं है, यह यात्रा भारत की जनता के लिए की जा रही है। मैं सभी से अपील करता हूं कि इस यात्रा में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाएं।'