उज्जैन के एक घर में चार शव मिलने से हड़कंप, पुलिस को सामूहिक आत्महत्या की आशंका

गुरुवार दोपहर को उज्जैन के एक घर से दंपती और दो बच्चों, सहित चार लोगों के शव पुलिस को बरामद हुए हैं। 

Publish: Sep 21, 2023, 03:29 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक घर से चार लोगों के शव मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के जानकी नगर में एक घर से पुलिस को चार लोगों के शव मिले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सामूहिक सुसाइड का मामला बताया है। चारों शव एक ही परिवार के लोगों के हैं।

जानकारी के मुताबिक जानकी नगर में रहने वाले मनोज राठौर, उनकी लिवइन पार्टनर ममता, और उसके बेटे लक्की और बेटी का शव पुलिस ने किराए के मकान से बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह मनोज का कोई परिचित उनसे मिलने पहुंचा था। लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर परिचित मकान के पास गया। मकान माालिक ने और परिचित ने दरवाजा नहीं खुलने पर जोर से धक्का मारा तो दरवाजा टूट गया। अंदर का नजारा देख कर दोनों सहम गए। अंदर मनोज, ममता और उसके बच्चों के शव फर्श पर पड़े हुए थे। इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को फोन किया। 

सूचना मिलते ही पुलिस फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों देखा तो तीन लोगों के मुंह से झाग निकल रहा था। अंदर मनोज का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। और ममता और दो बच्चों के शव नीचे बेड के पास पड़े हुए थे। पुलिस ने शवों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

एक साथ चार शव मिलने से प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके  पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच शुरु की तो मामला आत्महत्या से जुड़ा हुआ पाया गया। ममता की मौसी ने पुलिस को बताया कि ममता ने मनोज के साथ लिवइन में रहती थी। ममता के दोनों बच्चे उसके पहले पति से थे। ममता का लिवइन पार्टनर मनोज लगातार लोगों से कर्ज ले रहा था। आए दिन कोई न कोई पैसे मांगने घर आता था। मनोज ने शायद इसी से परेशान होकर परिवार सहित आत्महत्या कर ली है। 

पुलिस मामले में आत्महत्या के अलावा भी दूसरे एंगल से जांच कर रही है। आस पास के लोगों और मकान मालिक से भी पुलिस ने पूछताछ की है। जिसमें पुलिस को पता चला की मनोज का परिवार पास के मंदिर में फूल और पूजा सामग्री की रेहड़ी लगाता था। वह तीन महीने पहले ही जानकी नगर शिफ्ट हुआ था। फिलहाल मामले में अन्य पहलुओं की भी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।