पहले पैसे से सरकार बनाई, अब पटवारी बना रहे हैं, शिवराज सरकार पर बरसे जयवर्धन सिंह

जयवर्धन सिंह ने शिवराज सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि एक ओर भाजपा ने एमपी में धनबल के आधार पर सरकार बनाई तो वहीं दूसरी ओर धनबल के दम पर मध्यप्रदेश में पटवारियों की नियुक्तियां हो रही हैं।

Updated: Jul 25, 2023, 04:26 PM IST

आगर। पटवारी भर्ती परीक्षा में धांधली के मुद्दे पर शिवराज सरकार चौतरफा घिरी हुई है। कांग्रेस के युवा विधायक व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने भी पटवारी परीक्षा मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सिंह ने कहा कि एक ओर भाजपा ने एमपी में धनबल के आधार पर सरकार बनाई तो वहीं दूसरी ओर धनबल के दम पर मध्य प्रदेश में पटवारियों की नियुक्तियां हो रही हैं।

राघौगढ़ से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह आगर मालवा जिले में बगलामुखी के दर्शन करने लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा पर कटाक्ष किया। जयवर्धन सिंह ने आगामी विधानसभा चुनावों में जीत का दावा किया। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने दावा करते हुए कहा कि इस बार विधानसभा में इतनी सीटें जीतेंगे कि भारतीय जनता पार्टी खरीदने का सपना भी नहीं सोच पाएगी।

सिंह ने सिंधिया खेमे पर तंज कसते हुए कहा, 'जो स्वार्थी लोग थे, जिनको लालच था पैसों का, वो लोग बिक चुके हैं। वह चले गए भाजपा में निजी स्वार्थ के लिए। अब जो लोग कांग्रेस में बचे हैं वह सब निष्ठावान लोग हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बार बहुमत कांग्रेस का रहेगा और इतने विधायक कांग्रेस के रहेंगे कि भाजपा खरीदने का सपना भी नहीं देख पाएगी।'

जयवर्धन सिंह ने पटवारी परीक्षा में धांधली के मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'इस बार आम लोगों में चर्चा है कि एक तरफ भाजपा ने धनबल के आधार पर सरकार बनाई, दूसरी तरफ धनबल के दम पर मध्य प्रदेश में पटवारियों की नियुक्तियां हो रही हैं। जबकि हर सरकारी कर्मचारी की नियुक्ति योग्यता के आधार पर होना चाहिए। मध्य प्रदेश देश में एक ऐसा राज्य है जहां पर सरकारी पद भी पैसों के आधार पर बिक रहे हैं। भाजपा के नेताओं द्वारा भ्रष्टाचार का नंगा नाच किया जा रहा है। इस बार जनता भी त्रस्त हो चुकी है भाजपा के बेशर्म चरित्र से।'