MP में प्री मॉनसून एक्टिव, भोपाल और इंदौर में आज हो सकती है बूंदाबांदी, गर्मी से राहत की उम्मीद

मॉनसून आने तक बना रहेगा प्री मॉनसून, 15 जून से प्रदेश में आएगा मॉनसून, गर्मी से मिलेगी राहत, आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना

Updated: Jun 10, 2022, 04:54 AM IST

Representative image, Courtesy: Pixabay
Representative image, Courtesy: Pixabay

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिव होने कारण एक बार फिर से राहत की बारिश होगी। आज यानी शुक्रवार को राजधानी भोपाल समेत इंदौर, जबलपुर और होशंगाबाद में बूंदाबांदी हो सकती है। इंदौर-रायसेन में बारिश भी हो चुकी है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. पीके साहा ने बताया कि 13 जून से पूरे प्रदेश में प्री-मानसून पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा और मॉनसून आने तक बना रहेगा।

उधर, कई दिनों से एक ही जगह अटका मॉनसून भी अब ट्रैक पर लौट रहा है। इस बारे में मौसम विभाग ने  बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 11 जून से थोड़ी राहत मिलेगी। मॉनसून के अगले दो दिन में महाराष्ट्र पहुंचने की संभावना है। महाराष्ट्र पहुंचने के अगले दो दिन में मुंबई तक पहुंचने की संभावना है। यानी करीब 15 जून के बाद मध्य प्रदेश में मॉनसून का आमद होगा।

यह भी पढ़ें: BJP में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान, ग्वालियर में तोमर-सिंधिया, इंदौर में कैलाश-सुमित्रा, जबलपुर में शिवराज-वीडी ने फंसाया पेंच

IMD के वैज्ञानिक आरके जेनामणि के मुताबिक अगले दो दिन में गोवा और महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। 15 जून से देश के मध्य और उत्तर के मैदानी इलाकों में मानसून की रफ्तार में तेजी आने की संभावना है।

बता दें कि एक सप्ताह पहले तक मध्य प्रदेश में खूब गर्मी पड़ रही थी। कुछ जिलों में तो पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया था। लू का भी भयंकर असर था। हालांकि, अब प्री-मॉनसून एक्टिव होने के बाद लू का असर नहीं है। धूप का तीखापन भी थोड़ा कम हुआ है, लेकिन असहनीय है। रात के तापमान में भी कमी नहीं आई है। माना जा रहा है की मॉनसून की बारिश के साथ ही अब तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।