उज्जैन की घट्टिया विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार का विरोध, नाराज कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

उज्जैन के घट्टिया विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी सतीश मालवीय से नाराज 50 से अधिक भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गए है।

Updated: Sep 28, 2023, 10:21 AM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अब तक 79 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। सोमवार को भाजपा द्वारा जारी दूसरी सूची में शामिल कई नामों का विरोध हो रहा है। उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी हुए दो दिन ही हुए हैं और कई सीटों पर दावेदारों और कार्यकर्ताओं ने खुलकर बगावत शुरू कर दी है।

बुधवार को उज्जैन के घट्टिया विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी सतीश मालवीय से नाराज 50 से अधिक भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गए है। कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ता महेश चौधरी ने बताया कि भाजपा ने जो प्रत्याशी घोषित किया है उससे हम पूरी तरह असंतुष्ट हैं। कार्यकर्ताओं के मुताबिक पूर्व के 5 साल के कार्यकाल में भी मालवीय ने सभी विभागों से भ्रष्टाचार किया और कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया है। इसलिए हम भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।

बुधवार को घट्टिया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व जीतू पटवारी पहुंचे थे। जहां भाजपा के प्रत्याशी सतीश मालवीय से नाराज 50 भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का पुष्प माला से स्वागत किया।

बता दें कि भाजपा ने इसी महीने 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। सूची सामने आने के बाद अधिकांश सीटों पर घोषित प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत देखने को मिला था और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए थे। सोमवार को पार्टी ने फिर 39 उम्मीदवारों की सूची जारी की। दो दिन ही हुए हैं और करीब आधा दर्जन से अधिक सीटों पर पार्टी में बगावत शुरू हो चुकी है। माना जा रहा है कि चुनाव पूर्व कार्यकर्ताओं की नाराजगी भाजपा के लिए भारी पड़ सकता है। वहीं, डैमेज कंट्रोल करना बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती साबित होगी।