राजगढ़: खेत में घुसी गाय तो 3 को मारी गोली, एक की मौत, महिला समेत 2 लोग घायल

खेत में गाय घुसने को लेकर के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर दो बंदूकों से दनादन गोलियां चला दी।

Updated: Jan 12, 2024, 03:54 PM IST

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एक गांव में शुक्रवार सुबह खेत में गाय घुस जाने की बात को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में हुए विवाद में गोलियां चल गई। इस घटना में एक पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक महिला सहित एक अन्य घायल हो गया।

घटना की जानकारी लगने के बाद सुठालिया एवं ब्यावरा सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी नेहा गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि सुठालिया थाना क्षेत्र के पाड़ल्या ठाकुर गांव में खेत में गाय घुसने की बात को लेकर भंवर सिंह और जगदीश सिंह राठौड़ के परिवार के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि जगदीश,भूपेंद्र और देवेंद्र के द्वारा बंदूक से फायरिंग की गई जिसमें दूसरे पक्ष के भंवर सिंह पिता मदनलाल, राजेंद्र और प्रभा कुंवर घायल हो गई।

घायलों को उपचार के लिए बैरसिया ले जाया गया जहां से उन्हें भोपाल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान 45 वर्षीय भंवर सिंह की मौत हो गई। वहीं, राजेंद्र और प्रभा का इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुठालिया थाना प्रभारी राकेश दामले ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद आरोपी जगदीश भूपेंद्र और देवेंद्र के खिलाफ धारा आईपीसी की धारा 307, 294, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।