कांग्रेस में शामिल हुए सुसनेर विधायक के भाई राणा चितरंजन सिंह, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने दिलाई सदस्यता

सुसनेर विधायक राणा विक्रम सिंह के भाई हैं राणा चितरंजन सिंह, भाजपा से दो बार रह चुके हैं पार्षद, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने दिलाई कांग्रेस की सदस्यता

Updated: Oct 14, 2023, 08:23 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक के बाद एक भाजपा नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। आचार संहिता लागू होने के बाद भी ये सिलसिला जारी है। इस क्रम में शनिवार को राणा चितरंजन सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन्हें कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।

राणा चितरंजन सिंह सुसनेर से भाजपा विधायक राणा विक्रम सिंह के भाई हैं। वह भाजपा से दो बार पार्षद और सुसनेर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। चितरंजन सिंह भाजपा के सैंकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को भोपाल स्थित दिग्विजय सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां सिंह ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

चितरंजन सिंह के साथ ही सुसनेर विधायक से जुड़े भाजपा के पूर्व पार्षद दीपक भावसार, पूर्व पार्षद मोहित बोरा, पूर्व पार्षद रोङू प्रजापत, सुसनेर भाजपा के मीडिया प्रभारी कादिर लाला, बजरंग दल नेता राजा बैरागी, भाजपा नेता नरेश सिसोदिया, राणा करम वीर सिंह, राहुल सोलंकी, भगवान सिंह डाबला, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सचिव साजिद खान सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की रीति नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सभी का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि सभी लोग कांग्रेस के स्थानीय संगठन से संपर्क कर पार्टी को जिताने के लिए जमीन पर एकजुटता के साथ काम करें। इस दौरान आगर जिले के कांग्रेस संगठन के प्रभारी व पूर्व विधायक पुरषोत्तम दांगी, पीसीसी सदस्य भैरों सिंह बापू, सुसनेर ब्लॉक अध्यक्ष सरदार सिंह, अर्जुन सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शरावती बोडाना व फकरुद्दीन चाचा आदि मौजूद रहे।