Bhopal Rape Case: अखबार मालिक प्यारे मियां श्रीनगर से गिरफ्तार

Bhopal Crime : पांच नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म का आरोपी है प्यारे मियां, मामले की जांच के लिए बनाई गई है स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम

Publish: Jul 16, 2020, 04:44 AM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने का आरोपी प्यारे मियां को कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया है। प्यारे मियां को श्रीनगर पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। प्यारे मियां रविवार को हुए लड़कियों के साथ किए जा रहे यौन शोषण के खुलासे के बाद से ही फरार चल रहा था। भोपाल पुलिस प्यारे मियां को लेने श्रीनगर रवाना हो चुकी है।

भोपाल स्थित अफ़कार अखबार के मालिक प्यारे मियां के ऊपर लड़कियों को बहला फुसला कर उनका यौन शोषण करने का आरोप है। प्यारे मियां के ऊपर भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 376(2) N, 365(A ) तथा 120(बी) के तहत भोपाल के शाहपुरा थाने में मामला दर्ज है। इसके साथ प्यारे मियां पर पोक्सो एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। प्यारे मियां पर भोपाल पुलिस ने 30 हज़ार रुपए की ईनामी राशि घोषित की थी। जिसके बाद सूचना मिलने पर श्रीनगर पुलिस ने उसे धर दबोचा है। 

क्या है मामला ? 
रविवार को भोपाल के रातीबड़ इलाके की निवासी चार नाबालिग और एक युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया।मामले के सामने आते ही राजधानी में हड़कंप मच गया। लड़कियों ने पुलिस को मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल में एक अखबार का मालिक प्यारे मियां उन्हें शाहपुरा स्थित अपने फ्लैट पर पार्टी के बहाने बुलाता था। जहाँ पर वो इनके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान यह लड़कियां रातीबड़ इलाके में नशे में धुत मिली थीं। पुलिस ने लड़कियों मिली जानकारी के बाद स्वीटी शर्मा नामक महिला को भी अपनी हिरासत में लिया था। वो प्यारे मियाँ के इस कुकर्म में संपलिप्त थी। भोपाल प्रशासन ने सोमवार को प्यारे मियां द्वारा संचालित शादी हॉल को भी ढहा दिया था। इसके साथ ही प्यारे मियां की पत्रकार के तौर पर अधिमान्यता भी रद्द कर दी गई थी। इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच करने हेतु सरकार ने एसआईटी भी गठित कर दी है।