मध्य प्रदेश में खत्म होगा शिवराज का राज, अब तक 8 ओपिनियन पोल्स में कांग्रेस की जीत के संकेत

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में महज कुछ हफ्ते का समय बचा है। चुनाव को लेकर जनता का मूड भांपने के लिए एबीपी न्यूज और सी वोटर्स ने प्रदेश में सर्वे कराए थे, जिसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं।

Updated: Oct 10, 2023, 09:57 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है। एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जोर शोर से जुटी है। इसी बीच एबीपी न्यूज़ और सी- वोटर का ओपिनियन पोल सामने आया है, जिसने भाजपा की नींद उड़ा दी है। दरअसल, सर्वे के मुताबिक मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना है।

विधानसभा चुनाव को लेकर जनता का मूड भांपने के लिए एबीपी न्यूज और सी वोटर्स ने प्रदेशभर में सर्वे कराए थे, जिसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं।
सर्वे के मुताबिक इस बार चुनाव में भाजपा को 104 से 116 सीटें और कांग्रेस को 113 से 125 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा बसपा को 0-2 और अन्य को 0-3 सीटें मिल सकती हैं। 2018 के चुनाव में भाजपा को 109 सीटें और कांग्रेस को 114 सीटें मिली थीं। 

अगर वोट शेयर की बात करें तो सर्वे के मुताबिक इस बार मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 45 फीसदी और बीजेपी को भी 45 फीसदी वोट शेयर होने का अनुमान है। वहीं, बीएसपी के खाते में 2 फीसदी और अन्य के खाते में 8 फीसदी वोट आता दिख रहा है। एबीपी न्यूज़ के लिए सी वोटर ने ओपिनियन पोल किया है। इसमें करीब 90 हजार लोगों से बात की गई है। सर्वे एक सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच किया गया है। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने दिग्गजों की फौज उतार दी है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। बावजूद सत्ताधारी दल की स्थिति ठीक नहीं है। उधर, कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए गए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 150 से अधिक सीटें जीत सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।