सरकार बनी तो बुनकरों को देंगे विशेष पैकेज, बुरहानपुर में पावरलूम इंडस्ट्री को दिग्विजय सिंह का भरोसा

बुरहानपुर के बुनकरों को लेकर पूर्व सीएम ने बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार हम हर विधानसभा के लिए विशेष तौर पर कुछ मुद्दे तय करेंगे। हम बुरहानपुर के बुनकरों की सहूलियत के लिए विशेष तौर पर पैकेज तैयार करेंगे। ये हम चुनाव घोषणा पत्र में भी शामिल कराएंगे।

Updated: May 24, 2023, 05:27 PM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को बुरहानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 18 वर्षों में मध्य प्रदेश में सिर्फ घोटाले हुए हैं। उन्होंने सीएम चौहान से पूछा कि 
डंपर केस का क्या हुआ? व्यापमं का क्या हुआ? ई-टेंडरिंग के घोटाले का क्या हुआ? 

बुरहानपुर के बुनकरों को लेकर पूर्व सीएम ने बड़ा वादा किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस बार हम हर विधानसभा के लिए विशेष तौर पर कुछ मुद्दे तय करेंगे। हम बुरहानपुर के बुनकरों की सहूलियत के लिए विशेष तौर पर पैकेज तैयार करेंगे। ये हम चुनाव घोषणा पत्र में भी शामिल कराएंगे। बजरंग दल से जुड़े सवाल के जवाब में पूर्व सीएम ने कहा, 'बजरंग बली की तुलना बजरंग दल से करना धार्मिक था कि अधार्मिक? मैं मोदी जी से कहता हूं कि आपने बजरंग बली की तुलना गुंडों की जमात बजरंग दल से की है। माफी मांगिए। मैं हनुमान भक्त हूं। मुझसे बड़े हनुमान भक्त कमलनाथ जी हैं। उन्होंने छिंदवाड़ा में देश की सबसे बड़ी मूर्ति लगाई है। मोदी जी ने हमारी आस्था को अपमानित किया है। मोदी जी माफी मांगें।'

यह भी पढ़ें: सीएम शिवराज के कार्यक्रम में ग्रामीणों को ले जा रही बस पलटी, 5 की मौत और 20 घायल

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा, 'शिवराज सिंह कहते हैं कि कर्जा माफ ही नहीं हुआ। भाजपा कहती है कर्जा माफ ही नहीं हुआ। शिवराज सिंह जी आपके जैत गांव में आपका निवास जहां है, वहां के आपके रिश्तेदारों की सूची हमारे पास है, जिनके कर्जे माफ हुए हैं।' सिख दंगों से जुड़े सवाल पर सिंह ने कहा कि, '1984 में हुए दंगों को लेकर लगभग 40 साल बाद भी अब तक FIR दर्ज क्यों नहीं हुई। अटल जी के समय भाजपा की सरकार 6 साल रही। आज तक मुकदमा दायर क्यों नहीं हुआ कमलनाथ जी पर। कमलनाथ डरकर घर नहीं चले जाएंगे। वे हिम्मत वाले व्यक्ति हैं और उनका कोई लेना-देना नहीं था सिखों के दंगों से। यहां तक कि आप छिंदवाड़ा के सिख लोगों से पूछ लीजिए कि कमलनाथ ने उनके लिए कितना किया है। प्रदेश के हमारे सिख समुदाय के लिए कितना किया है।'

दिग्विजय सिंह ने भाजपा में व्याप्त गुटबाजी का जिक्र करते हुए कहा, 'आज भाजपा बंट गई है। शिवराज भाजपा, महाराज भाजपा और नाराज भाजपा। बुरहानपुर में आरएसएस और जनसंघ के परिवारों में जाकर पूछ लो। दलाल भाजपा के नए-नए ठेकेदार तैयार हो गए हैं। महाराज और शिवराज भाजपा के पास फॉर्च्यूनर है, पुराने जनसंघियों के पास साइकिल तक नहीं है। साइकिल से चल-चल के, चने खा-खाके, जिन्होंने जनसंघ को जमाया कहां हैं वो लोग? कौन पूछ रहा है उनको?'

यह भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में घमासान, महाराज और नाराज गुट ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री ने सीएम शिवराज पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि, 'तुलना करना है तो आ जाओ शिवराज सिंह चौहान। 20 साल में किस कदर भ्रष्टाचार बढ़ा है। डंपर केस का क्या हुआ? व्यापमं का क्या हुआ? घोटले पर घोटाला। ई-टेंडरिंग घोटाले का क्या हुआ? पाकिस्तान के लिए जासूसी करते बजरंग दल के लड़के पकड़े गए, भाजपा आईटी सेल के लोग पकड़े गए, उसका क्या हुआ? उन पर राजद्रोह का मुकदमा क्यों दर्ज नहीं हुआ? उनकी जमानत कैसे होने दी? आ जाओ सामने, पोषण आहार में खा गए, बच्चों की ड्रेस में खा गए, नीचे से ऊपर तक लोग खा रहे हैं। तोल कांटे में प्रोग्रामिंग की हुई है। ये सारा जवाब दें।'