सच बताना शुरू करो, भाजपा का झूठ खत्म होता जाएगा, राजगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बोले दिग्विजय सिंह

पूर्व सीएम ने बूथ स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अब संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की जरूरत है जिसके लिए बूथ कमेटियां बनाई जानी चाहिए।

Updated: Jan 25, 2024, 07:12 PM IST

राजगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह प्रदेशभर के दौरे कर रहे हैं। गुरुवार को सिंह ने राजगढ़ में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और बूथ लेवल कार्यकर्ताओं की बैठक ली। राजगढ़ विधानसभा की संगठनात्मक बैठक से पहले सिंह ने जालपा माता के दर्शन कर प्रदेश व देश की खुशहाली की कामना की।

गुरुवार को राजगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजगढ़ विधानसभा के ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों एवं बीएलए की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गई थी। पहले सत्र की बैठक में 4 ब्लॉक, 19 मंडलम अध्यक्षों ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के समक्ष अपनी बात रखी। बैठक में जहां एक ओर कुछ मंडलम अध्यक्ष लाडली बहना योजना को विधानसभा चुनाव की हार बता रहे थे तो एक मंडलम अध्यक्ष बद्री लाल तंवर ने कहा कि उनके बूथ के गांव की लगभग सभी महिलाओं को लाड़ली बहना योजना का लाभ मिला उसके बाद भी इस बूथ में कांग्रेस जीती और भाजपा को मात्र 36 वोट मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इतने काम किए हैं कि कांग्रेस को कोई हरा नही सकता सिर्फ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के समक्ष मजबूती के साथ अपनी बातें रखने की जरूरत है। 

पूर्व सीएम ने मंडलम अध्यक्षों की शिकायतें और सुझाव सुनने के बाद जिला अध्यक्ष से कहा कि ये सुनिश्चित करिए कि ब्लॉक की बैठक ब्लॉक में, मंडलम की बैठक मंडलम में, सेक्टर की बैठक सेक्टर में आयोजित हो जिससे स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ सके। दूसरे सत्र में 66 सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में अध्यक्षों ने अपनी बातें विस्तार से रखी। मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में एक बात समान थी कि सभी ने उन्मुक्त कंठ से विधानसभा प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर की खूब प्रशंसा करते हुए कहा कि तंवर ने जोरदार चुनाव लडा बस कहीं न कहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थोड़ी ढिलाई बरत दी जिसकी वजह से अंतिम मतदाता तक कांग्रेस की बात नहीं पहुंच पाई और पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

बैठक के दौरान एक सेक्टर अध्यक्ष ने पूर्व सीएम से कहा कि भाजपा झूठ की चैंपियन है आप बताइए कि कैसे भाजपा के झूठ का सामना करें। इसपर पूर्व सीएम ने कहा कि सच बताने से डरो मत, सच बताना शुरू करो, भाजपा का झूठ खत्म होता जाएगा। तीसरे सत्र की बैठक में 272 बीएलए के साथ राजगढ़ विधानसभा के समस्त कार्यकर्ताओं की बैठक में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया उसके बाद राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम के साथ संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया।

पूर्व सीएम ने बूथ स्तरीय बैठक  को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अब संगठन को बूथ स्तर पर  मजबूत करने की जरूरत है जिसके लिए बूथ कमेटियां बनाई जानी चाहिए। और चूंकि चुनाव बूथ पर होता है और बूथ की सारी लड़ाई बीएलए लड़ता है तो सबसे ज्यादा बीएलए का ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बूथ में संगठन की मजबूती से ही कांग्रेस की जीत का रास्ता निकलेगा। उसके बाद पूर्व सीएम ने सबसे पहले बीएलए के सुझाव सुने बाद में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बारी बारी से सुना। उन्होंने सबके सुझाव नोट करे और कहा कि हम आप सबके सुझावों पर विचार कर अमल में लेकर आएंगे।