बीजेपी की मनुवादी सोच के कारण हो रहीं ऐसी घटनाएं, देवास में दलित युवक की हत्या पर बोले राहुल गांधी

देश के बहुजनों के साथ ऐसी बर्बरता किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम उनके साथ हैं, उनके संवैधानिक अधिकारों के लिए और उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी ताक़त के साथ लड़ेंगे: राहुल गांधी

Updated: Dec 30, 2024, 05:28 PM IST

देवास। मध्य प्रदेश के देवास के सतवास थाना में एक युवक की पुलिस हिरासत में मौत को राहुल गांधी ने हत्या बताया है। राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि बीजेपी की मनुवादी सोच के कारण उनके शासन वाले राज्यों में ऐसी घटनाएं हो रही है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'एक तरफ़ मध्यप्रदेश के देवास में दलित युवक की पुलिस कस्टडी में हत्या की गई। दूसरी तरफ़ ओडिशा के बालासोर में आदिवासी महिलाओं को पेड़ से बांधकर पीटा गया है। ये दोनो घटनाएं दुखद, शर्मनाक और अत्यंत निंदनीय हैं। BJP की मनुवादी सोच के कारण उनके शासन वाले राज्यों में एक के बाद एक इस तरह की घटनाएं हो रही हैं - सरकार की शह के बिना ये संभव नहीं है।' 

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि देश के बहुजनों के साथ ऐसी बर्बरता किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम उनके साथ हैं, उनके संवैधानिक अधिकारों के लिए और उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी ताक़त के साथ लड़ेंगे।

मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि, 'बाबासाहेब अंबेडकर का अपमान और कमजोर वर्गों पर अत्याचार ही भाजपा के शासन का मूलमंत्र है।देवास, मध्य प्रदेश में पुलिस हिरासत में दलित युवक की मौत का मामला अत्यंत गंभीर है। परिवार का आरोप है कि पुलिस क्रूरता की वजह से युवक की जान चली गई। इसके पहले महाराष्ट्र के परभणी से दलित परिवारों पर अत्याचार व पुलिस हिरासत में एक दलित युवक की मृत्यु की खबर आई थी। लगता है भाजपा राज में दलितों, आदिवासियों और वंचितों पर पुलिस को कमजोर वर्गों पर अत्याचार की खुली छूट मिली हुई है।'

यह भी पढे़ं: सोयाबीन की सरकारी ख़रीद में हर बोरे पर 400 रुपये की रिश्वत, कमलनाथ ने मोहन सरकार को घेरा

दरअसल, मालागांव के रहने वाले मुकेश (35) पिता गबूलाल लोंगरे के खिलाफ एक महिला ने 26 दिसंबर को मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत की थी। इसी मामले में पुलिस ने शनिवार दोपहर में मुकेश को हिरासत में लिया था। शाम को ही उसकी मौत हो गई। परिवार वालों ने पुलिस पर 6 हजार रुपए रिश्वत मांगने और हत्या करने का आरोप लगाया।