भाजपा को सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में मध्य प्रदेश की धरती की बड़ी भूमिका है: पीएम मोदी

मेरा बूथ, सबसे मजूबत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता के अंदर सेवा भाव होना सबसे जरूरी है। बीजेपी के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है।

Updated: Jun 27, 2023, 01:15 PM IST

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल पहुंचकर देश को एक साथ 5 वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी। इसके बाद पीएम मोदी कमला नेहरू स्टेडियम में आयोजित 'मेरा बूथ, सबसे मजूबत कार्यक्रम' में पहुंचे, जहां उन्होंने देशभर के बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि मध्य प्रदेश की धरती की भाजपा को सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में बहुत बड़ी भूमिका है।

पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, 'नौ वर्ष पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रम हो रहे हैं और उसमें आप जो मेहनत करते हैं, उसकी जानकारियां लगातार मुझ तक पहुंच रही हैं। जब अमेरिका और मिस्र में था, तब भी ये जानकारी मिलती रहती थी। इसलिए वहां से आने पर सबसे पहले आप लोगों से मिलना मेरे लिए ज्यादा सुखद और आनंददायक है।'

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब भी दिया। एक कार्यकर्ता के सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा, 'बूथ स्तर पर कार्यकर्ता के अंदर सेवा भाव होना सबसे जरूरी है। पीएम ने कहा, 'बीजेपी के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है, दल से बड़ा देश है। जहां दल से बड़ा देश हो, ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करना मेरे लिए भी एक मंगल उत्सव है। मैं भी उत्सुक हूं। बीजेपी के कार्यकर्ता दूसरी पार्टियों की तरह नहीं है, जो एसी कमरों में बैठकर पार्टी चलाते हैं। हमारे कार्यकर्ता मौसम की परवाह किए बिना लोगों के बीच जाते हैं और गांवों का दौरा करते हैं।'

प्रधानमंत्री ने इस दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, 'कुछ लोग सिर्फ अपने दल के बारे में सोचते हैं। तुष्टीकरण का रास्ता कुछ देर के लिए तो ठीक होता है लेकिन देश के लिए बहुत खतरनाक होता है। कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए छोटे-छोटे गुट खड़े कर देते हैं लेकिन हम बीजेपी वाले अलग हैं। हमारे लिए दल से बड़ा देश है। इसलिए बीजेपी ने तय किया है कि हमें तुष्टीकरण के रास्ते पर नहीं चलना है। हमें वोटबैंक के रास्ते पर नहीं चलना है। देश के लिए भला करने का रास्ता तुष्टीकरण नहीं है, सही रास्ता संतुष्टीकरण है।'

इस दौरान BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने कहा, 'जब पार्टी की बात आती है, तो प्रधानमंत्री कभी भी हमें समय देने से मना नहीं करते। वे कुशल प्रशासक के साथ संगठन के अच्छे संगठक भी हैं। पार्टी और देश को दुनिया के नक्शे पर खड़ा करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। हमने हर लोकसभा में 100 और हर विधानसभा में 25 बूथ ऐसे निकाले, जहां हम कमजोर थे। इन बूथों के सशक्तिकरण का विचार भी प्रधानमंत्री की तरफ से निकला। आज भारत ब्रिटेन को ओवरटेक कर 5वीं नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है।'