टिकट तय हो चुके हैं लेकिन प्रत्याशियों की लिस्ट अभी जारी नहीं की जाएगी: डॉ गोविंद सिंह

नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि भाजपा अपने प्रत्याशियों को 20 20 करोड़ रुपए दे रही है।  

Publish: Sep 14, 2023, 04:26 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस में लंबा विचार-विमर्श चल रहा है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची आचार संहिता लगने के आसपास जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे टिकट तय हो चुके हैं लेकिन सूची अभी जारी नहीं की जाएगी। 

नेता प्रतिपक्ष ने गुरुवार को भोपाल में अपने आवास पर आगामी विधान सभा चुनाव संबंधी कई विषयों पर मीडिया से चर्चा की। कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची को लेकर उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने के आसपास टिकट वितरण का काम होगा। उसी समय सूची जारी की जाएगी। हमारे टिकट लगभग तय हैं। समय आने पर घोषित होंगे। 

वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश में लूट मचा रखी है। जनता से लूटा गया पैसा भाजपा नेताओं की जेब में पहुंच रहा गया है। भाजपा ने अपने 20-20 करोड़ रुपए प्रत्याशियों को दिए हैं। जबकि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मेहनत करके अपना काम चला रहे हैं।

मप्र सरकार के 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से फर्जी दावे कर रही है। सीएम शिवराज सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नक्से कदम पर चल रहे हैं। मोदी जी ने दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी। जीएसटी और नोटबंदी जैसे फैसलों ने दो करोड़ लोगों को बेरोजगार कर दिया। उसी तरह शिवराज भी झूठे दावे कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि सीएम शिवराज ने प्रदेश का खजाना खाली कर दिया है। कर्जा लिए जा रहे हैं। पिछले पांच छह महीने में 14-15 हजार करोड़ का ले लिया है। ये सब थोथी घोषणाएं हैं।