दिग्विजय सिंह के वेद पाठशाला से प्रभावित हुए वीडी शर्मा, चुनावी कार्यक्रम छोड़ करने लगे योगाभ्यास

गांव चलो अभियान के तहत राघौगढ़ के आवन पहुंचे थे भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के संरक्षण में संचालित वाचस्पति वेद पाठशाला से हुए प्रभावित, वेद के छात्रों से सीखा योग

Updated: Feb 09, 2024, 05:10 PM IST

राघौगढ़। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में राघौगढ़ दौरे पर हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह के गढ़ में शुक्रवार को भाजपा के 'गांव चलो अभियान' की शुरुआत की। इस दौरान वह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के संरक्षण में संचालित आचार्य वाचस्पति शुक्ल संस्कृत वेद पाठशाला जाने से भी खुद को रोक नहीं पाए। वेद पाठशाला के विद्यार्थियों से शर्मा इतना प्रभावित हुए कि चुनावी कार्यक्रम छोड़ उनके साथ ही योगाभ्यास करने लगे।

वीडी शर्मा गुरुवार देर शाम गुना जिले की राघौगढ़ विधानसभा के आवन गांव पहुंचे थे। उन्होंने गांव चलो अभियान की तैयारी का जायजा लिया और श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में आयोजित संगीतमय सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए। बता दें कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह इस मंदिर समिति के प्रमुख हैं और यह समिति ही आचार्य वाचस्पति शुक्ल संस्कृत वेद पाठशाला और गौशाला का संचालन करती है। मुख्यमंत्री रहते हुए सिंह ने हनुमान मंदिर के साथ साथ संस्कृत वेद पाठशाला और गौशाला का स्थापना किया था। 

वीडी शर्मा गुरुवार रात आवन गांव में ही रुके। शुक्रवार सुबह वे ग्रामवासियों के साथ संस्कृत वेद पाठशाला और गौशाला देखने गए। उन्होंने संस्कृत वेद पाठशाला के विद्यार्थियों से बातचीत भी की। उत्कृष्ट पाठशाला और वहां के प्रतिभावान विद्यार्थियों को देख शर्मा मंत्रमुग्ध हो गए। वे विद्यार्थियों से इतना प्रभावित हुए की चुनावी कार्यक्रम छोड़ उनके साथ खुद भी योगाभ्यास करने बैठ गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने उन्हें योग सिखाने के साथ-साथ सनातन धर्म और वेद को लेकर भी कई बातें बताई।

शर्मा ने वहां के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं गौरवांवित हूं कि मुझे आपके साथ योग करने का मौका मिला। योग हमें जीवन में नियम और संयम से जीवन जीना सिखाता है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने संकट मोचन मंदिर पहुंचे और परिसर में साफ-सफाई भी किया। 

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के संरक्षण में चलने वाले राघौगढ़ के आचार्य वाचस्पति संस्कृत वेद पाठशाला को उत्कृष्टता में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त है। दिग्विजय सिंह के कुशल मार्गदर्शन और संरक्षण में इस वेद संस्थान ने नए-नए कीर्तिमान रचे हैं। विगत तीन वर्षों से लगातार इस पाठशाला को राष्ट्रीय पुरस्कार मिल रहे हैं। 

साल 2021 में सिंघल फाउंडेशन द्वारा उत्तम वेद विद्यालय क्षेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा संस्थान को यह पुरस्कार दिया गया था। साल 2022 में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के हाथों संस्थान को यह पुरस्कार मिला। वहीं 2023 में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी एवं श्री राम जन्मभूमि न्यास के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी जी महाराज के हाथों संस्थान को यह पुरस्कार दिया गया है।