भोपाल में वार्ड-41 के पार्षद उपचुनाव के लिए 27 केंद्रों पर वोटिंग जारी, 9 जनवरी को आएंगे नतीजे

मौजूदा परिषद के सबसे सीनियर पार्षद मोहम्मद सगीर के निधन से 25 जुलाई को खाली हो गई थी। 22,511 वोटर आज 9 कैंडिडेट्स के किस्मत का फैसला तय करेंगे।

Updated: Jan 05, 2024, 04:01 PM IST

भोपाल। भोपाल के वार्ड-41 में पार्षद के लिए शुक्रवार को उपचुनाव हो रहा है। यहां कुल नौ प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनकी किस्मत का फैसला 22 हजार 511 मतदाता आज करने जा रहे हैं। वार्ड के 27 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो शाम 5 बजे तक चलेगी। 

सुबह एसडीएम रवीश श्रीवास्तव व तहसीलदार मुकेश राज भी कुछ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी जगह शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है। कहीं से कोई अप्रिय स्थिति की खबर नहीं है। शुरुआती चार घंटों में 16 फीसदी लोगों ने मतदान किया था।

यह सीट मौजूदा परिषद के सबसे वरिष्ठ पार्षद मोहम्मद सगीर के निधन से खाली हो गई थी। लिहाजा यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। इसके लिए कुल 27 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 9 जनवरी को जिला जेल में मतगणना होगी।

कांग्रेस नेता मो. सगीर राजधानी के सबसे सीनियर पार्षद थे। वे 1999 से लगातार पार्षद रहे। सगीर कृष्णा गौर और आलोक शर्मा के महापौर कार्यकाल में नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे। वे लंबे समय से बीमार थे। इसी बीच 25 जुलाई को उनका निधन हो गया था। इससे यह सीट रिक्त हो गई।

इस बार उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी भी पार्षद पद के लिए मैदान में है। आम आदमी पार्टी से असद अली, कांग्रेस से मो. फहीम, भाजपा से डा. रेहान सिद्धीकी, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) से तौकीर अहमद निजामी के साथ ही निर्दलीय कैंडिडेट के रूप में अहमद अकबर खान, अलीमउद्दीन कुरैशी, काजी आसिफ, मो. अजहर मियां और मो. कलीम खां मैदान में हैं।