14 राज्य, 75 जिले और 3970 KM का सफर, श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा, लाल चौक पर राहुल ने फहराया तिरंगा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर पहुंच चुकी है।राहुल गांधी ने श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर तिरंगा फहरा दिया है। सोमवार को यहां विपक्षी दलों के समागम के साथ यात्रा का औपचारिक समापन समारोह होगा।

श्रीनगर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज अपने अंतिम पड़ाव में श्रीनगर पहुंच चुकी है। यहां लाल चौक के ऐतिहासिक घंटाघर पर राहुल गांधी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद रहीं। ध्वजरोहण के दौरान यहां राष्ट्रगान और श्यामलाल गुप्त की मशहूर कविता विजयी विश्व तिरंगा प्यारा गीत गाया गया।
'विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा'
— Congress (@INCIndia) January 29, 2023
@RahulGandhi जी ने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया।#BharatJodoYatra pic.twitter.com/2Mxkz4eM9V
साल 1948 में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी यहां झंडा फहराया था। मौका था पाकिस्तान पर भारत की जीत का। उस समय जवाहरलाल नेहरू के साथ शेख अब्दुल्ला भी मौजूद थे। तिरंगा फहराए जाने के बाद शेख अब्दुल्ला ने अमीर खुसरो की कविता पढ़ी थी। आज करीब 75 साल बाद नेहरू परिवार के ही सदस्य ने यहां राष्ट्रध्वज फहराया।
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की यह ऐतिहासिक यात्रा 14 राज्यों से गुजरते हुए करीब 3970 किलोमीटर की दूरी तय कर जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर पहुंची है। यात्रा का आज 134वां दिन है। सोमवार को यहां विपक्षी दलों के समागम के साथ यात्रा का औपचारिक समापन समारोह होगा।
आज से करीब 5 महीने पहले कन्याकुमारी में @RahulGandhi जी ने एक प्रण लिया था- कश्मीर में तिरंगा फहराने का।
— Congress (@INCIndia) January 29, 2023
आज लालचौक पर ध्वजारोहण के साथ यह प्रण पूरा हुआ। आज की तारीख इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गई।#BharatJodoYatra pic.twitter.com/MgZnF4R6lD
रविवार को भारत जोड़ो यात्रा सात किलोमीटर की दूरी तय कर श्रीनगर के सोनवार इलाके पहुंची थी, जहां कुछ देर के विश्राम के बाद राहुल गांधी और प्रियंका लाल चौक सिटी सेंटर रवाना हुए। यहां राहुल ने तिरंगा फहराया। लाल चौक के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया था और सिटी सेंटर के चारों तरफ बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया था। लाल चौक के बाद भारत जोड़ो यात्रा शहर के बुलेवार्ड क्षेत्र में नेहरू पार्क की तरफ बढ़ी है।
सोमवार को राहुल गांधी श्रीनगर में एमए रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगे, जिसके बाद शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में एक जनसभा आयोजित की जाएगी। इस जनसभा में शामिल होने के लिए 23 विपक्षी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।