कांग्रेस के साथ सभी दलों को आना होगा, जो नहीं आएगा उसे देश माफ नहीं करेगा: लालू यादव

लालू यादव ने कहा कि देश में तानाशाही वाले हालात हैं, हमें एकजुट रहना है। मोदी सरकार को हमलोग मूली की तरह उखाड़ फेंकेंगे।

Updated: Oct 11, 2022, 03:32 AM IST

नई दिल्ली। RJD के राष्ट्रीय परिषद की बैठक में सोमवार को लालू यादव को फिर से पार्टी का अध्यक्ष घोषित किया गया। 12वीं बार अध्यक्ष बनते ही लालू यादव एक बार फिर मोदी सरकार पर गरजे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी एकता की बात दोहराते हुए कहा कि सभी दलों को कांग्रेस के साथ आना होगा, जो नहीं आएगा उसे देश माफ नहीं करेगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने लालू यादव को इसके लिए धन्यवाद कहा है। सिंह ने इसके साथ ही लालू यादव को एक सुझाव भी दिया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि, 'एक दिन के लिए आप यदि भारत जोड़ो यात्रा में कुछ समय के लिए शामिल हों तो अच्छा संदेश जाएगा।'

लालू यादव ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए कहा कि, 'देश का संविधान खत्म हो रहा है । आरएसएस के एजेंडा को देश में लागू किया जा रहा है। देश में तानाशाही वाले हालात हैं, हमें एकजुट रहना है। मोदी सरकार को हमलोग मूली की तरह उखाड़ फेंकेंगे।' साथ ही कहा कि भाजपा का मतलब 'भारत जलाओ पार्टी' है। 

राजद के खुले अधिवेशन में लालू यादव पुराने अंदाज में दिखे। उन्होंने कहा कि सीबीआई के छापे से डरते नहीं हैं। भाजपा को छाप देंगे। पीएम पर तंज कसते हुए पूछा कि 15 लाख कब मिलेंगे। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी उन्हें केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही कहा कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ सभी को साथ आना होगा। जो पार्टी साथ नहीं आएगी उसे देश माफ नहीं करेगा। लालू यादव ने मंच से ही बताया कि कल वो अपने इलाज के लिए सिंगापुर जा रहे हैं। बता दें कि वो किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं।