अमृतसर पहुंचे राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था, लंगर हॉल में जूठे बर्तन धोने की सेवा भी की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी महात्मा गांधी की ज्यंती पर अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। निजी दौरे पर अमृतसर पहुंचे राहुल गांधी ने सिर पर पगड़ी की जगह नीले रंग का पटका बांधा हुआ था।

Updated: Oct 02, 2023, 05:55 PM IST

अमृतसर। कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। इस तनातनी के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज अमृतसर पहुंचे। राहुल गांधी ने अमृतसर में स्वर्ण मंदिर का दौरा किया और स्वर्ण मंदिर में 'सेवा' की।

राहुल गांधी लंगर हॉल में झूठे बर्तन साफ करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने सिर पर नीले रंग का पटका पहना है। इससे पहले जब वे भारत जोड़ो यात्रा के वक्त आए थे तो पगड़ी पहनी थी। राहुल गांधी का अमृतसर दौरा काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी सूत्रों ने कहा कि यह राहुल गांधी का ये दौरा निजी है।

राहुल गांधी का यहां कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। जिसे देखते हुए पंजाब के कांग्रेस नेता उनके स्वागत आदि के लिए नहीं पहुंचे। कुछ वरिष्ठ नेता ही उनके आसपास रहेंगे। उनके इस दौरे से पहले पंजाब पुलिस द्वारा सुरक्षा के इंतजाम भी कड़े किए गए हैं।

और पढ़े: एशिया के सबसे बड़े फर्नीचर मार्केट में पहुंचे राहुल गांधी, लकड़ी कारीगरों से मिलकर जाना उनका हाल

इससे पहले राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सोमवार सुबह सोलन के साधुपुल स्थित रामलोक मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रामलोक मंदिर में शीश नवाया और यहां पर हाल ही में बने नागलोक मंदिर के दर्शन भी किए। वह बिना किसी सूचना के चुपचाप मंदिर पहुंचे थे।

बहरहाल, राहुल गांधी का यह अमृतसर दौरा उस वक्त हो रहा है जब पंजाब में कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा की 8 साल पुराने केस में गिरफ्तारी को लेकर पंजाब कांग्रेस भड़की हुई है। कांग्रेस का कहना है कि सियासी बदला लेने के लिए यह गिरफ्तारी की गई। खैहरा को करीब 8 साल पुराने ड्रग केस में पकड़ा गया है।

राहुल के दौरे पर कांग्रेस MLA सुखविंदर कोटली ने कहा कि दरबार साहिब में कोई भी नतमस्तक होकर अपनी भावना प्रकट कर सकता है। राहुल गांधी पहले भी कई बार आ चुके हैं। राहुल गांधी हमेशा सभी लोगों की अच्छाई की भावना से आते हैं। इसे किसी घटनाक्रम या राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस दौरे को किसी दूसरी चीज से जोड़ना ठीक नहीं है।