कोटा में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत और 7 घायल

राजस्थान के कोटा में नेशनल हाईवे-52 पर तेज रफ्तार क्रूजर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में महाराष्ट्र के एक परिवार के 9 लोगों की मौत हुई और 7 घायल हुए।

Updated: Nov 22, 2026, 01:14 PM IST

राजस्थान के कोटा में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे 52 पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में ट्रक चालक समेत 7 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब एक बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। मृतकों और घायलों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को स्थानीय लोगों की मदद लेनी पड़ी। रेस्क्यू के बाद सभी को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।

कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर में कुल 15 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे। परिवार धार्मिक यात्रा पर निकला था और खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहा था।

जानकारी के मुताबिक, परिवार के 36 सदस्य मंगलवार को तीन अलग अलग वाहनों से यात्रा पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन के अलावा राजस्थान के सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर में दर्शन किए। शनिवार सुबह करीब 11 बजे सभी खाटूश्यामजी पहुंचे थे। वहां दर्शन के बाद अलग अलग गाड़ियों से वापसी के दौरान क्रूजर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार की दूसरी गाड़ियों में सवार रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे। परिवार की एक महिला ने बताया कि शनिवार रात करीब 1:15 बजे उन्हें फोन पर दुर्घटना की जानकारी मिली। उस समय उनकी गाड़ी घटनास्थल से लगभग 50 किलोमीटर दूर थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने अपने परिजनों को घायल अवस्था में देखा। महिला के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य रिश्तेदार थे और एक साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे।

इस दर्दनाक दुर्घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शंभूपुरा के पास हुई जनहानि बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज तथा प्रभावित परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जाहिर करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।