भोपाल के ऐशबाग इलाके में 599 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, 3 हजार लोगों पर बेघर होने का संकट
सोमवार सुबह भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में प्रशासन ने हाईकोर्ट की अनुमति के बाद 40 साल पुराने 599 जर्जर आवासों पर तोड़फोड़ कार्रवाई की। इन मकानों में करीब 3 हजार लोग रहते थे जिनके बेघर होने की स्थिति बन गई है।
भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह प्रशासन ने बड़े पैमाने पर मकान तोड़ने की कार्रवाई की। वहां करीब 40 साल पुराने 599 ईडब्ल्यूएस आवासों को हटाया जा रहा है। इन मकानों में करीब 3 हजार लोग रहते थे जिनके बेघर होने की स्थिति बन गई है। कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध और हंगामे की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी बीच मकानों को तोड़े जाने का विरोध करने जा रहे कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अशोका गार्डन थाने ले जाया गया।
कार्रवाई के लिए प्रशासन ने 10 पोकलेन मशीनें लगाई। मौके पर 4 एसडीएम, 10 तहसीलदार समेत नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस के सैकड़ों अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं। जनता क्वार्टर की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। कई मार्ग बंद कर यातायात को दूसरे रास्तों से निकाला जा रहा है। एसडीएम लाखन सिंह चौधरी के मुताबिक, अब तक करीब 90 प्रतिशत मकान तोड़े जा चुके हैं। शेष आवासों को हटाने का काम जारी है।
यह भी पढ़ें:बालाघाट में फूड पॉइजनिंग से 100 से ज्यादा बच्चे बीमार, मेले में खाया था चाउमीन और मंचूरियन
दरअसल ये आवास मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के हैं और करीब चार दशक पुराने हो चुके हैं। नगर निगम ने मई 2016 में ही करीब 600 मकानों को जर्जर और जानलेवा घोषित कर दिया था। इसके बाद साल 2018 में भी रहवासियों को मकान खाली करने के नोटिस दिए गए थे। हाल ही में हाउसिंग बोर्ड ने अंतिम नोटिस जारी कर 13 नवंबर तक आवास खाली करने और अपना सामान हटाने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट से कार्रवाई की अनुमति मिलने के बाद प्रशासन ने इन्हें ध्वस्त करने का फैसला लिया।
इन आवासों में करीब 3 हजार लोग रह रहे थे। प्रशासन के अनुसार, कई परिवारों ने कार्रवाई से पहले ही अपने मकान खाली कर दिए हैं। प्रभावित रहवासियों को कलेक्टर रेट के आधार पर किराया देने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा भविष्य में उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने की भी बात कही गई है।
यह भी पढ़ें:बिसलेरी के पानी में मिले हानिकारक केमिकल, FSSAI ने कंपनी पर मुकदमा चलाने को दी मंजूरी
प्रशासन ने सोमवार को ही पूरी कार्रवाई खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पर्याप्त मशीनरी और पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, मकान टूटने से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उन्हें किराया दिए जाने को लेकर प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है।




