जनता के वोट और श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा का संकल्प, तालबेहट में सपा ने किया दिग्विजय सिंह की यात्रा का स्वागत

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह संतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए सत्य, न्याय, सामाजिक समरसता और धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।

Updated: Nov 21, 2026, 06:58 PM IST

ललितपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शनिवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में आगे बढ़ी। यात्रा के 28वें दिन ग्राम बौलारी बिजरौंठा से पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व धर्मरथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार, पार्थिव शिवलिंग एवं पवित्र नदियों के जल से सुशोभित कलशों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती की गई। इसके पश्चात राष्ट्रध्वज तिरंगे को ससम्मान सलामी अर्पित कर पदयात्रा प्रारंभ की गई।

शनिवार सुबह शुरू हुई पदयात्रा दिगारा जोड़, तरगुवां और तालबेहट नगर होते हुए आगे बढ़ी। तालबेहट नगर में समाजवादी पार्टी ने यात्रा का भवय स्वागत किया और बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद यात्रा रानीपुरा स्थित प्रसिद्ध महादेव मंदिर पहुंची, जहां दर्शन-पूजन किया गया। पदयात्रियों ने गायत्री शक्ति पीठ तालबेहट और श्री मेहरावन माता मंदिर खांदी में भी दर्शन किए। दोपहर भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा पुनः प्रारंभ हुई। इसके बाद पदयात्रा उदमा ताल और चंद्रपुरा चौराहा स्थित सिद्धबाबा स्थान पहुंची। यात्रियों के भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था ललितपुर जिले के काला पहाड़ स्थित बुंदेला बंधु फार्म हाउस में ही की गई है। 

यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की नगरी अयोध्या तक निकाली जा रही हमारी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा दो प्रमुख मुद्दों वोट चोरी और चंदा चोरी के विरुद्ध जनजागरण का अभियान है। जनता के वोट की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। हमारी मांग है कि वोट चोरी और मंदिरों में प्राप्त दान एवं चढ़ावे में हेराफेरी के मामलों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और देश में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतपत्र से मतदान की व्यवस्था लागू की जाए।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म अनंत, शाश्वत और सर्वसमावेशी है। यह किसी को तोड़ने या बांटने का नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने और जोड़ने का संदेश देता है। हमारी सनातन परंपरा सत्य, करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और सद्भाव की शिक्षा देती है। सनातन धर्म की महानता इसी में है कि वह किसी से भेदभाव नहीं करता, बल्कि सभी के कल्याण की कामना करता है। सनातन धर्म नफरत नहीं, प्रेम; विभाजन नहीं, एकता और भेदभाव नहीं, समभाव सिखाता है। यही सनातन की वास्तविक शक्ति और हमारा स्वाभिमान है। 

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह धार्मिक स्थलों, संतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए सत्य, न्याय, सामाजिक समरसता और धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों को सामने लाना, समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना तथा वोट चोरी और चंदा चोरी जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक करना है।

गौरतलब है कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही इस यात्रा में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन, संतों से संवाद और सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से संपर्क के माध्यम से यात्रा के उद्देश्यों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।