इंदौर में 62 मकानों पर नगर निगम ने चलाया बुलडोजर, कालका माता मंदिर तोड़ने पर भड़के लोग

सोमवार सुबह 7 बजे इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 23 साल पुराने जमीन विवाद के बाद नगर निगम ने 62 अवैध मकान तोड़े। बेघर हुए परिवार मुआवजे के लिए धरने पर बैठे। जबकि, कालका माता मंदिर पर कार्रवाई का भारी विरोध हुआ।

Updated: Nov 23, 2026, 02:47 PM IST

इंदौर के एमआर 10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में मकान टूटने से कई परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। सोमवार सुबह 7 बजे शुरू हुई नगर निगम की कार्रवाई में अब तक 30 मकान तोड़े जा चुके हैं। विवादित जमीन पर बने कुल 62 मकानों को हटाया जाना है। कार्रवाई के लिए करीब 600 अधिकारियों और कर्मचारियों का अमला और 12 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं। इस बीच बेघर हुए दो परिवार मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। वहीं, कॉलोनी के कालका माता मंदिर को तोड़ने की तैयारी का भी स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। जबकि, हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के बाद 19 परिवारों के मकानों को फिलहाल तोड़ने से रोक दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान मंदिर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। मंदिर तोड़ने का आदेश लेकर पहुंचे एसडीएम घनश्याम धनगर को विरोध के बीच मौके से लौटना पड़ा। मंदिर प्रबंधन को परिसर खाली करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया है। दूसरी ओर मंदिर को बचाने के लिए जुटे लोग जय जय सियाराम के नारे लगा रहे हैं। मंदिर को लेकर बढ़ते विरोध ने मकान तोड़ने की कार्रवाई के बीच एक और तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है।

यह भी पढ़ें:भोपाल के ऐशबाग इलाके में 599 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, 3 हजार लोगों पर बेघर होने का संकट

मकान टूटने से प्रभावित दो परिवार धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी वे धरना खत्म नहीं करेंगे। रहवासी राजेश बैरागी ने बताया कि उनका परिवार पिछले 30 साल से कृष्णबाग कॉलोनी में रह रहा था। नगर निगम उनसे हर साल 2 हजार रुपए संपत्ति कर भी वसूलता रहा है लेकिन अब मकान तोड़ दिए गए और उन्हें किसी तरह का मुआवजा नहीं मिला। उनका कहना है कि लंबे समय तक वहां रहने और संपत्ति कर चुकाने के बावजूद आज उनके पास रहने के लिए घर नहीं बचा है।

कृष्णबाग कॉलोनी में बेदखली की कार्रवाई ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ी है। इस जमीन पर बने मकानों को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच साल 2003 से कानूनी विवाद चल रहा है। मामला पहले तहसीलदार के पास पहुंचा और फिर हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक गया। करीब 23 साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद कुछ परिवारों को राहत नहीं मिल सकी और उनके मकानों को हटाने के आदेश अंतिम हो गए।

यह भी पढ़ें:बालाघाट में फूड पॉइजनिंग से 100 से ज्यादा बच्चे बीमार, मेले में खाया था चाउमीन और मंचूरियन

मकान तोड़ने की कार्रवाई से पहले शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत दी थी। कोर्ट ने इन परिवारों को फिलहाल बेदखल नहीं करने का आदेश दिया है। इसके चलते उनके मकानों को तोड़ने की कार्रवाई रोक दी गई है। वहीं, जिन 62 मकानों के खिलाफ बेदखली के आदेश अंतिम हो चुके हैं उन्हें हटाया जा रहा है। इस तरह एक ही कॉलोनी में कुछ परिवारों को फिलहाल कानूनी राहत मिली है। जबकि, बाकी परिवारों को अपने घर खोने का सामना करना पड़ रहा है।

कृष्णबाग कॉलोनी में मकान हटाने की कार्रवाई पहले 16 और 17 नवंबर को प्रस्तावित थी लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टालना पड़ा था। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी थी। आखिरकार सोमवार को प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सुबह 7 बजे से कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़ें:बिसलेरी के पानी में मिले हानिकारक केमिकल, FSSAI ने कंपनी पर मुकदमा चलाने को दी मंजूरी