कड़ी सुरक्षा के बीच आगे बढ़ा भारत जोड़ो यात्रा का कारवां, LG ने बुलाई आपात बैठक

पाकिस्तान की सीमा के करीब हीरानगर से आज शुरू हुई यात्रा, कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहे राहुल गांधी, विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी का भी मिला आशीर्वाद

Updated: Jan 22, 2023, 06:28 AM IST

जम्मू कश्मीर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। राहुल गांधी की अगुवाई में यह यात्रा जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हीरानगर से सुबह सात बजे के आसपास शुरू हुई. पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने पूरे राजमार्ग को सील कर दिया। पाकिस्तान सीमा से सटे होने के कारण राहुल गांधी की सुरक्षा कड़ी की गई है।

कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष विकार रसूल वानी, कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और तिरंगा थामे सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ राहुल ने सुबह लगभग आठ बजे लोंदी जांच चौकी पार करने के बाद सांबा जिले के तपयाल-गगवाल में प्रवेश किया। इस दौरान, सड़क के दोनों ओर खड़े उत्साही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। 

कांग्रेस ने एक तस्वीर ट्वीट किया है, जिसमें सड़क के दूसरी ओर भगवान गणेश की मूर्ति है। इसके साथ कांग्रेस ने लिखा कि, "जब भारत जोड़ो यात्रा को स्वयं विघ्नहर्ता महाप्रभु भगवान श्री गणेश जी का आशीर्वाद मिल रहा हो तो भला कौन सी मुश्किल हमारा रास्ता रोकेगी।" रविवार को लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ‘भारत यात्री' चक नानक में रात्रि विश्राम करेंगे।

सोमवार सुबह भारत यात्री सांबा के विजयपुर से जम्मू की तरफ बढ़ेंगे। अधिकारियों ने कहा कि राहुल की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) व अन्य सुरक्षा एजेंसियां ​​शांतिपूर्ण मार्च सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी रख रही हैं। जम्मू शहर के बाहरी इलाके नरवाल में शनिवार को हुए दो विस्फोटों के मद्देनजर पूरे केंद्र-शासित प्रदेश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन विस्फोटों में नौ लोग घायल हो गए थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एलजी मनोज सिन्हा ने भी आज आपात बैठक बुलाई है।